'राजा शिवाजी' ने तीसरे दिन काटा गदर, तूफानी कमाई के आगे न टिक पाईं ये फिल्में
क्या है खबर?
रितेश देशमुख की ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 'राजा शिवाजी' न सिर्फ हिंदी दर्शकों को लुभा रही है, बल्कि मराठी दर्शकों के दिल भी जीत रही है। बॉक्स ऑफिस पर धाकड़ शुरुआत करने के बाद इसने तीसरे दिन सबसे ज्यादा नोट बटोरे हैं। वहीं 'राजा शिवाजी' को टक्कर देने सिनेमाघरों में उतरी साई पल्लवी और जुनैद खान की फिल्म 'एक दिन' का अभी से बुरा हाल हो गया है। आइए जानते हैं इन फिल्मों का ताजा कलेक्शन कितना रहा है।
कमाई
'राजा शिवाजी' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, 'राजा शिवाजी' ने बॉक्स ऑफिस पर 11.35 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोला था। फिल्म ने दूसरे दिन 10.55 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन तीसरे ही दिन, यानी रविवार को इसने 12 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर दिखाया है। कुल 3 दिन के अंदर रितेश की फिल्म ने कुल 33.90 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। सबसे बड़ा योगदान मराठी संस्करण का है, जिसने 3 दिनों में 22.90 करोड़ का कारोबार किया है।
टक्कर
'एक दिन' सिमटने की कगार पर, 'भूत बंगला' को कड़ी टक्कर
साई और जुनैद की फिल्म 'एक दिन' 3 दिनों में लड़खड़ाने लगी है। फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये से ओपनिंग की थी, जिसके बाद दूसरे दिन 1 करोड़ और तीसरे दिन 1.70 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। आमिर खान प्रोडक्शन द्वारा निर्मित यह फिल्म 3 दिनों में सिर्फ 3.85 करोड़ रुपये कमा सकी है। उधर अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' ने 17वें दिन, यानी रविवार को 5.50 करोड़ कमाते हुए 1,42.50 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर लिया है।