पवन कल्याण की आंखों में फैला था गंभीर संक्रमण, आनन-फानन में करानी पड़ी सर्जरी; अब कैसी है तबीयत?
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने हाल ही में अपनी सर्जरी पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि जिस समस्या को पहले मामूली साइनस समझा गया था, वो असल में आंखों का एक गंभीर संक्रमण निकला, जिसके लिए तुरंत ऑपरेशन करना पड़ा। सर्जरी के बाद पवन कल्याण ने हैदराबाद में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात कर पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी मौजूदगी दर्ज की।
सर्जरी के बाद पवन कल्याण की नाक से बहने लगा खून
आंख में फैल रहे संक्रमण के चलते डॉक्टरों ने फंक्शनल एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी (FESS) की। ऑपरेशन के बाद उन्हें नाक से हल्का खून आने की समस्या हुई है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि चिंता की कोई बात नहीं है। नायडू ने उन्हें पूरा आराम करने और डॉक्टरों की सलाह का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है। पवन कल्याण ने ये भी बताया कि वो अपने फिल्मी दिनों की एक पुरानी कंधे की चोट से परेशान हैं, जिसका जल्द ही दोबारा इलाज कराना पड़ सकता है।