LOADING...
ऑस्कर 2026: धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि न देने पर अकेडमी ने दी सफाई, जानिए क्या कहा
धर्मेंद्र को ऑस्कर 2026 में नहीं दी गई थी श्रद्धांजलि

ऑस्कर 2026: धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि न देने पर अकेडमी ने दी सफाई, जानिए क्या कहा

Mar 17, 2026
10:44 am

क्या है खबर?

98वें ऑस्कर पुरस्कार का आगाज 15 मार्च को अमेरिका के डॉल्बी थिएटर में किया गया। हालांकि, समाराेह में बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र समेत कई अंतरराष्ट्रीय सितारों को श्रद्धांजलि नहीं दी गई। हेमा मालिनी, शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई सितारों और फैंस ने इसपर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। लगातार हो रही इन आलोचनाओं के बाद, अब ऑस्कर के कार्यकारिणी रॉब मिल्स ने सफाई दी है। उन्होंने बताया कि ऑस्कर में कौन तय करता है कि किसे श्रद्धांजलि दी जाएगी, और किसे नहीं।

बयान

मिल्स ने बताया, किसे नाम तय करने का अधिकार

वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में, मिल्स ने बताया कि समारोह में किसको सम्मानित किया जाएगा, यह फैसला करने का अधिकार 'अकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स आर्ट्स एंड साइंसेज' (AMPAS) के पास होता है। उन्होंने अपने बयान में कहा, "यह मुश्किल है। मुझे लगता है कि यह उनके द्वारा किया जाने वाला सबसे मुश्किल काम है। हां, बदकिस्मती से हम हर साल कई महान हस्तियों को खो रहे हैं, इसलिए शायद कुछ सितारों के नाम छूट जाते हैं।"

प्रतिक्रिया

धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि न मिलने पर हेमा ने दी थी प्रतिक्रिया

ऑस्कर में 'इन मेमोरियम' सेक्शन की लंबी सूची होने के बावजूद उसमें दिवंगत अभिनेता का नाम शामिल नहीं था। इसे लेकर उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में अभिनेत्री ने कहा था, "यह वाकई शर्म की बात है। उन्होंने ऐसे अभिनेता को नजरअंदाज किया, जो दुनिया के कई हिस्सों में, बहुत से लोगों के लिए अहम हैं।" बता दें कि 89 वर्षीय धर्मेंद्र का निधन पिछले साल 24 नवंबर को हुआ था।

Advertisement