'टेंडर मर्सीज' के ऑस्कर विजेता रॉबर्ट डुवैल का निधन, अनुपम खेर ने दी भावुक श्रद्धांजलि
क्या है खबर?
हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रॉबर्ट डुवैल का 95 साल की उम्र में निधन हो गया है। इस दुखद खबर की पुष्टि उनकी पत्नी लुसियाना ने एक भावुक बयान के जरिए की जिसके बाद से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके बयान के मुताबिक, अभिनेता का निधन 15 फरवरी को वर्जीनिया के मिडलबर्ग स्थित उनके घर पर हुआ है। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने एक पोस्ट के जरिए रॉबर्ट को भावुक श्रद्धांजलि दी है।
शोक
अनुपम खेर ने रॉबर्ट डुवैल के निधन पर जताया शोक
अनुपम ने पोस्ट में लिखा, 'रॉबर्ट एक ऐसे अभिनेता थे जिन्हें ध्यान आकर्षित करने के लिए शोर-शराबे की जरूरत नहीं थी। उन्होंने अपने द्वारा निभाए गए हर किरदार में असाधारण गहराई ला दी। मेरे लिए, वे हमेशा पसंदीदा अभिनेताओं में से एक रहे हैं।' उन्होंने फिल्म 'टेंडर मर्सीज' में रॉबर्ट के ऑस्कर-विजेता प्रदर्शन को सराहा। अभिनेता ने लिखा, 'रॉबर्ट जैसे अभिनेता सिर्फ अभिनय नहीं करते- वे अभिनेता बन जाते हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति!'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
IN LOVING MEMORY OF ROBERT DUVALL… 💔🕉💔#RobertDuvall was the kind of actor who never needed noise to command attention. Quiet, precise, and profoundly truthful, he brought an extraordinary depth to every role he inhabited. For me, he was always one of the favourites — not… pic.twitter.com/7fGj5KDi7S
— Anupam Kher (@AnupamPKher) February 17, 2026
करियर
रॉबर्ट डुवैल का करियर और फिल्में
रॉबर्ट का फिल्मी सफर 6 दशक लंबा रहा। उन्होंने न्यूयॉर्क से थिएटर पूरा करने के बाद 1950 में अभिनय में कदम रखा था। 1956 में अपनी पहली फिल्म 'समबडी अप देयर लाइक्स मी' से वह सिल्वर स्क्रीन पर छा गए थे। बाद में 'टू किल अ मॉकिंगबर्ड' में बू रैडली के रूप में प्रमुख भूमिका के साथ शुरुआती पहचान हासिल की। उन्हें 'द ग्रेट सैंटिनी', 'द एपोस्टल', 'ए सिविल एक्शन' और 'द जज' जैसी फिल्मों में देखा जा चुका है।