क्या ऑस्कर ट्रॉफी की कीमत जानते हैं आप? जानिए क्यों इसे बेचा नहीं जा सकता
क्या है खबर?
सिनेमा जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार ऑस्कर को जीतना लगभग हर कलाकार का सपना होता है। 15 मार्च, 2026 को अमेरिका के डॉल्बी थिएटर में इस शानदार शाम का आगाज हुआ। दुनियाभर से चुनिंदा कालाकारों ने अपनी फिल्म, निर्देशन और संगीत समेत अलग-अलग श्रेणियों में इस गोल्डन ट्रॉफी को अपने नाम किया। बहुत कम लोगों ने सोचा होगा कि ऑस्कर ट्रॉफी की कीमत क्या होगी? यहां जानिए इस ट्राॅफी की दिलचस्प बातें।
कीमत
कितनी है ऑस्कर ट्रॉफी की कीमत?
ऑस्कर ट्रॉफी का मुख्य ढांचा कांस्य धातु से बनता है। इसके ऊपर सोने की परत चढ़ाई जाती है। इस ट्रॉफी की लंबाई 13.5 इंच होती है और वजन करीब 3.8 किलोग्राम होता है। रिपोर्ट की मानें, तो ट्रॉफी को बनाने में 400 डॉलर (करीब 37,000 रुपये) का खर्च आता है, जिसे मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज अकादमी (AMPAS) की ओर से तय किया गया है। दिलचस्प यह है कि इसे कभी बेचा नहीं जा सकता।
कारण
क्या कहता है अकेडमी का नियम?
अकादमी के नियमों के अनुसार, ऑस्कर विजेता ट्रॉफी को कभी भी बाजार में नहीं बेच सकते। AMPAS ने यह नियम 1951 में लागू किया गया था, जिसमें कहा गया कि विजेताओं को अनुमति नहीं है कि वह किसी भी तरीके से ट्रॉफी को बाजार में बेचें। इसे विजेता सिर्फ AMPAS को ही केवल एक डॉलर की कीमत पर बेच सकते हैं। 1951 से पहले जीती हुई कई ट्रॉफी लाखों-करोड़ों की कीमत पर बेचीं गई हैं।