सलमान खान की फिल्म 'SVC63' में नयनतारा का होगा 'धुरंधर' अवतार, चल रही बड़ी तैयारी
क्या है खबर?
सलमान खान और निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की फिल्म का ऐलान जब से हुआ है, यह परियोजना किसी न किसी कारण से सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म का अस्थायी नाम 'SVC63' रखा गया है, जिसमें अभिनेता के साथ पहली बार नयनतारा नजर आएंगी। फिलहाल तो निर्माता परियोजना से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी गुप्त रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन नया अपडेट फैंस का उत्साह बढ़ाने आ गया है। खबर है कि फिल्म में नयनतारा का अवतार एक्शन से भरपूर होगा।
शूटिंग
फिल्म की शूटिंग जारी, खुद एक्शन दृश्य फिल्माएंगी नयनतारा
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग मनाली में ज़ोर-शोर से चल रही है। बताया जाता है कि सिर्फ सलमान ही नहीं, बल्कि नयनतारा भी इसमें एक्शन दृश्य निभाती हुई नजर आएंगी। सूत्र ने कहा, "नयनतारा विशेषज्ञों की देखरेख में अपने स्टंट खुद करेंगी, और जिन्होंने उनका यह दृश्य देखा है, वह पहले से ही इसके दीवाने हो रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "सलमान और नयनतारा सेट पर अच्छी बॉन्डिंग बना रहे हैं और उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को चौंका देगी।"
रिलीज
ईद, 2027 पर फिल्म रिलीज के लिए तैयार
सलमान ने कुछ दिन पहले 'SVC63' की रिलीज तारीख का ऐलान किया था। उन्होंने बताया था कि यह फिल्म अगले साल ईद के अवसर पर सिनेमाघरों का रुख करेगी। दिलचस्प बात यह है कि सलमान की फिल्म के साथ बॉक्स ऑफिस पर प्रभास भी अपनी फिल्म 'स्पिरिट' के जरिए दस्तक देंगे, जिसका निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। यह 5 मार्च, 2027 को आएगी। ऐसे में सलमान और प्रभास की फिल्मों के बीच की भिड़ंत देखने लायक होगी।