कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की फिल्म कब हो सकती है रिलीज? आया ये अपडेट
क्या है खबर?
कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की म्यूजिकल रोमांटिक-ड्रामा फिल्म लंबे समय से चर्चा में है जिसका कथित नाम 'तू मेरी जिंदगी है' रखा गया है। फिल्म के निर्देशन की कमान अनुराग बसु ने संभाली है जो 'बर्फी' और 'मेट्रो इन दिनों' के लिए जाने जाते हैं। हालिया अपडेट के अनुसार, निर्देशक फिल्म का काम जल्द से जल्द पूरा करना चाहते हैं, जिससे यह तय समय पर पूरी हो सके। इस फैसले के पीछे एक खास वजह बताई जा रही है।
रिलीज
रिलीज के दौरान कोई रिस्क नहीं लेना चाहते निर्माता
मिड-डे के मुताबिक, निर्माता फिल्म 'तू मेरी जिंदगी है' को रणबीर कपूर की 'रामायण' से पहले रिलीज करना चाहते हैं। एक सूत्र ने बताया, "अनुराग और फिल्म निर्माता बॉक्स ऑफिस पर थोड़ा आराम चाहते हैं। वे 'रामायण' जैसी बड़ी फिल्म से टक्कर के बिना सिनेमाघरों में बिना किसी रुकावट फिल्म रिलीज करना चाहते हैं। अक्टूबर में एक बड़ी फिल्म 'दृश्यम 3' रिलीज हो रही है। इसलिए, निर्माता भूषण कुमार और अनुराग अक्टूबर में फिल्म रिलीज करने की सोच रहे हैं।"
शूटिंग
कश्मीर के बाद मनाली में होगी फिल्म की शूटिंग
रिपोर्ट में कहा गया कि कार्तिक और श्रीलीला ने कश्मीर में एक हफ्ते की शूटिंग पूरी की है, और अब वह मनाली जाएंगे। सूत्र ने कहा, "हमारा इरादा है कि गर्मियों के चरम पर पहुंचने से पहले फिल्म की अधिकांश शूटिंग पूरी कर ली जाए। इसके बाद कार्तिक कबीर की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म पर काम शुरू करेंगे, जबकि अनुराग अपनी फिल्म का फाइनल कट तैयार करेंगे।" बता दें, अगस्त, 2026 में कार्तिक की एक अन्य फिल्म 'नागजिला' भी रिलीज होगी।