
संजय कपूर से कब और कैसे मिली थीं करिश्मा कपूर, कौन थे अभिनेत्री के पूर्व पति?
क्या है खबर?
करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर अब हमारे बीच नहीं हैं। 53 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है।
संजय के यूं अचानक चले जाने से उनके परिवारवालों और करीबियों को गहरा सदमा लगा है।
ये दुखद खबर सुन करिश्मा की बहन करीना कपूर, मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा आनन फानन में उनके घर पहुंची और उन्हें ढांढस बंधाया।
आइए जानें संजय कपूर के बारे में सब कुछ।
बिजनेस
संजय ने उद्योग जगत में बनाई अपनी एक अलग पहचान
संजय एक बड़े कारोबारी थी। उन्होंने सोना कॉमस्टार नाम के ऑटोमोबाइल कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग ब्रांड का नेतृत्व किया।
यह कंपनी इलेक्ट्रिक वाहन (EV) और सामान्य इंजन के लिए प्रिसिजन गियर सिस्टम बनाने में वैश्विक अग्रणी बन गई।
उनके निर्देशन में यह कंपनी भारत के साथ-साथ अमेरिका, मैक्सिको, चीन, और सर्बिया जैसे देशों तक पहुंच चुकी थी।
इस कंपनी की स्थापना साल 1997 में उनके दिवंगत पिता सुरिंदर कपूर ने की थी, जो भारत के ऑटो कंपोनेंट इंडस्ट्री में माहिर थे।
नागरिकता
संजय के पास थी अमेरिका की नागरिकता
पिता के निधन के बाद साल 2015 में संजय बतौर मैनेजिंग डायरेक्टर इस कंपनी से जुड़े।
इसके बाद उन्होंने अपने बिजनेस को देश-विदेश में फैलाया। नतीजतन मौजूदा समय में सोना कॉमस्टार की भारत से लेकर चीन, मैक्सिको, सर्बिया और अमेरिका तक में 9 फैक्ट्रियां हैं, जो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स और थ्री-व्हीलर्स वेहिकल्स के लिए पार्ट्स सप्लाई करती है।
संजय के पास संयुक्त राज्य अमेरिका की नागरिकता थी। उन्होंने बकिंघम यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री हासिल की थी।
कमाई
अरबों में थी कमाई
संजय निधन के बाद अपने बीवी-बच्चों के लिए अकूत संपत्ति छोड़ गए हैं। उनके पास दिल्ली और मुंबई के साथ-साथ लंदन में भी कई आलीशान घर थे। संजय महंगी गाड़ियों के शौकीन थे। उनके पास एक से बढ़कर एक बेशकीमती गाड़ियों का शानदार कलेक्शन था।
इसके अलावा उन्होंने रियल इस्टेट में भी मोटी रकम लगाई हुई थी। संजय की कुल संपत्ति लगभग 10,300 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
फोर्ब्स और रियल टाइम बिलयनेर्स ने उन्हें अरबपति का दर्जा दिया था।
निजी जिंदगी
संजय की 3 शादियां
संजय की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने पहली शादी फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से की थी।
साल 2003 में संजय ने करिश्मा से शादी रचाई थी, लेकिन 2016 में दोनों का तलाक हो गया था।
करिश्मा और संजय के दो बच्चे समायरा और किआन हैं, जो तलाक के बाद अभिनेत्री के साथ ही रहते हैं।
करिश्मा के बाद संजय ने तीसरी बार अपना घर बसाया। उन्होंने 2017 में मॉडल और बिजनेसवुमन प्रिया सचदेवा संग सात फेरे लिए थे।
शादी
करिश्मा ने मां की मर्जी से झटपट की थी संजय से शादी
साल 2003 में जब करिश्मा की अभिषेक बच्चन संग सगाई टूटने की खबर आई, उसी साल करिश्मा ने संजय से शादी की थी। यह अरेंज्ड मैरिज थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करिश्मा की मां बबीता ने ये रिश्ता तय कराया था। दरअसल, उस वक्त बच्चन परिवार की आर्थिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी। बबीता चाहती थीं कि उनकी बेटी किसी पैसेवाले लड़के के साथ अपना घर बसाएं।
हालांकि, करिश्मा के पिता रणधीर कपूर कभी इस रिश्ते से खुश नहीं थे।