जन्मदिन पर करण जौहर ने अपनी पहली एक्शन फिल्म का किया ऐलान

फिल्ममेकर करण जौहर आज (25 मई) अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने जन्मदिन के कारण वह सुर्खियों में छाए हुए हैं। सोशल मीडिया से लेकर बॉलीवुड गलियारों में उनकी ही चर्चा चल रही है। जन्मदिन के मौके पर करण ने फैंस की उत्सुकता तब बढ़ा दी, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि वह कुछ खास ऐलान करने वाले हैं। अब उन्होंने अपने फैंस से वादा पूरा करते हुए अपनी पहली एक्शन फिल्म का ऐलान कर दिया है।
करण ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक नोट शेयर करते हुए अपनी नई एक्शन फिल्म की घोषणा की है। उन्होंने अपने नोट में लिखा, 'एक पहलू जिसके बारे में मुझे लगता है कि मैं सबसे ज्यादा जुनूनी हूं, वह है एक फिल्म निर्माता होना। अतीत में मैंने हमेशा अपनी फिल्मों के बीच लंबा अंतराल रखा है। आज इस खास दिन पर मैं अपने निर्देशन की अगली फिल्म की घोषणा करना चाहता हूं।'
करण की इस एक्शन फिल्म की शूटिंग अगले साल अप्रैल में शुरू होगी। उन्होंने अपने नोट में आगे लिखा, 'मैं अपनी एक्शन फिल्म की शूटिंग अप्रैल, 2023 में शुरू करूंगा। आपके आशीर्वाद और प्यार की जरूरत है।' करण ने इस बात का भी जिक्र किया कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में 27 साल पूरे कर लिए हैं। उन्होंने इसे काफी उत्साहजनक अनुभव बताया। उन्होंने अपने फैंस के साथ-साथ आलोचकों के प्रति भी आभार जताया है।
— Karan Johar (@karanjohar) May 25, 2022
करण ने अपनी नई फिल्म के स्टारकास्ट के बारे में कुछ भी नहीं बताया है। फिल्म की पृष्ठभूमि कैसी होगी, इसको लेकर कोई जानकारी नहीं आई है। उम्मीद है कि इंडस्ट्री के बड़े चेहरों को इस फिल्म में शामिल किया जाएगा।
करण ने अपने नोट में फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। यह फिल्म 10 फरवरी को सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म के निर्देशन की कमान करण ही संभाल रहे हैं। इस फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी नजर आएगी। फिल्म से करण पांच साल बाद निर्देशन में वापसी करेंगे। इससे पहले उन्होंने 2016 में आई 'ऐ दिल है मुश्किल' का निर्देशन किया था।
करण इन दिनों फिल्म 'लाइगर' के काम में व्यस्त हैं। फिल्म 'मिस्टर लेले' के निर्माता भी करण ही हैं। इस फिल्म के हीरो अभिनेता विक्की कौशल हैं। करण 'ब्रह्मास्त्र' और 'दोस्ताना 2' को लेकर चर्चा में हैं। वह फिल्म 'तख्त' पर काम कर रहे हैं। विक्की कौशल और तृप्ति डिमरी को लेकर भी करण एक रोमांटिक फिल्म बनाने की तैयारी में हैं। 'मिस्टर एंड मिसेज माही' और 'जुग जुग जियो' भी उनके खाते में जुड़ी हुई है।
'कुछ कुछ होता है' के जरिए करण ने निर्देशन में अपना डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 'कभी खुशी कभी गम', 'कभी अलविदा ना कहना', 'माय नेम इज खान' और 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।