क्या जॉन अब्राहम का इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ हैक? डिलीट हुए सभी पोस्ट
क्या है खबर?
एक एक्शन हीरो के रूप में जॉन अब्राहम ने खुद को बॉलीवुड में स्थापित किया है। आने वाले दिनों में वह कई फिल्मों में नजर आने वाले हैं।
उनकी हालिया रिलीज हुई फिल्म 'सत्यमेव जयते 2' बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुई है। दर्शकों ने इस फिल्म को खारिज कर दिया।
अब रिपोर्ट्स के अनुसार जॉन का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से सारे पोस्ट डिलीट हो गए हैं।
रिपोर्ट
सभी रील और वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट पर हैं उपलब्ध
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो जॉन का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। हालांकि, जॉन ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। फैंस इसको लेकर काफी परेशान हो गए हैं और तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने अभिनेता के सारे पोस्ट डिलीट कर दिए हैं। सभी रील और वीडियो अभी भी उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिखाई दे रहे हैं।
फॉलोअर्स
जॉन के इंस्टाग्राम पर हैं 90 लाख से अधिक फॉलोअर्स
जॉन का 17 दिसंबर को जन्मदिन है और इससे कुछ दिन पहले ही उनके सारे पोस्ट डिलीट हो गए। हालांकि, फिल्मों से जुड़े उनके प्रमोशनल वीडियोज अभी भी उनके अकाउंट पर उपलब्ध हैं।
इस खबर के सामने आने के बाद उनके प्रशंसक काफी दुविधा में हैं। जब तक जॉन इस मामले में सफाई नहीं देंगे, चीजें स्पष्ट नहीं होंगी।
जॉन के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर 90 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
हैकिंग
इन कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट भी हुए थे हैक
यह पहली बार नहीं है, जब किसी बॉलीवुड कलाकार का सोशल मीडिया अकाउंट हैक हुआ है। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं होती रही हैं।
मई, 2020 में बॉलीवुड अभिनेत्री पूजा हेगड़े का इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक हो गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी थी।
इससे पहले सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, शाहिद कपूर और ऋतिक रोशन जैसे मशहूर कलाकारों का सोशल मीडिया अकाउंट भी हैक हो चुका है।
वर्कफ्रंट
इन फिल्मों में अभिनय करते दिखेंगे जॉन
जॉन फिल्म 'अटैक' में जैकलीन फर्नांडिस और रकुल प्रीत सिंह के साथ नजर आएंगे। वह शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'पठान' का भी अहम हिस्सा हैं। इसमें जॉन विलेन की भूमिका में हैं।
जॉन फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' में काम कर रहे हैं। वह भूषण कुमार की एक फिल्म से बतौर निर्माता जुड़े हुए हैं।
हिट मलयालम फिल्म 'अय्यप्पनम कोशियुम' की हिन्दी रीमेक में भी जॉन दिखेंगे। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों ने सराहा था।