बॉक्स ऑफिस पर फ्लाॅप, अब यूट्यूब पर कमाल दिखा रही ये फिल्म; मिले एक अरब व्यूज
क्या है खबर?
बॉलीवुड में ऐसी कई फिल्में हैं जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित रहीं, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उन्होंने दर्शकों का भरपूर दिल जीता है। आज हम आपको एक ऐसी फिल्म के बारे में बताएंगे, जिसका हाल भी बॉक्स ऑफिस पर बुरा रहा था। हालांकि यूट्यूब पर इसने एक अरब से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं। फिल्म का नाम 'जया जानकी नायका' है, जिसका हिंदी में शीर्षक 'खूंखार' है और यह साल 2017 में रिलीज हुई थी।
सफलता
'खूंखार' में नजर आए थे ये सितारे
तेलुगु भाषा वाली इस फिल्म को फरवरी 2019 में हिंदी डब के साथ यूट्यूब पर जारी किया गया था। फिल्म में रकुल प्रीत सिंह और बेलमकोंडा साई श्रीनिवास मुख्य किरदार में शामिल हैं, जबकि इसका निर्देशन बोयापति श्रीनु ने किया है। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, करीब 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 20 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। हालांकि, यूट्यूब पर इसने एक अरब व्यूज हासिल करके चमत्कार दिखा दिया है।
खुशी
निर्देशक ने फिल्म की सफलता पर दी प्रतिक्रिया
निर्देशक श्रीनु ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'एक अरब व्यूज, 10 करोड़ लाइक्स। एक करोड़ भावनाएं। यह अविश्वसनीय उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की पहली फिल्म। जया जानकी नायका (खूंखार) को एक यादगार फिल्म बनाने के लिए धन्यवाद। यह उपलब्धि आपकी है। आपके असीम प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।' यह रिकॉर्ड पहले अल्लू अर्जुन की फिल्म 'सर्राइनोडु' बना सकती थी, लेकिन लाखों व्यूज पाने वाली फिल्म का हिंदी संस्करण डिलीट करने के बाद दोबारा अपलोड किया गया था।