'खतरों के खिलाड़ी 15' के सेट पर जैस्मिन भसीन के साथ भयानक हादसा, एक स्टंट ने छीनी याददाश्त
अभिनेत्री जैस्मिन भसीन 'खतरों के खिलाड़ी 15' के सेट पर एक भयानक हादसे का शिकार हो गई थी। पानी और हवा से जुड़े एक बेहद कठिन स्टंट के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उन्हें हल्का दिमागी झटका लगा और कुछ समय के लिए उनकी याददाश्त चली गई।
हाल ही में इस हादसे का अनुभव साझा करते हुए जैस्मिन ने IANS से कहा, "मुझे स्टंट के ठीक बाद क्या हुआ, कुछ भी याद नहीं है। आज भी उस खौफनाक अनुभव का एक हिस्सा मेरी यादों से पूरी तरह गायब है।"
जैस्मिन भसीन ने 72 घंटे आराम किया
'नागिन' और 'बिग बॉस 14' से हर घर में अपनी पहचान बनाने वाली जैस्मिन को डॉक्टरों ने 72 घंटे तक आराम करने की सलाह दी थी। उन्होंने मुश्किल हालात में उनका साथ देने के लिए शो के होस्ट रोहित शेट्टी, चैनल, प्रोडक्शन टीम और मेडिकल स्टाफ का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा रोहित सर, चैनल और प्रोडक्शन हाउस सभी ने मेरी बहुत मदद की।
'खतरों के खिलाड़ी' में जैस्मिन की ये तीसरी मौजूदगी है। ये शो कलर्स टीवी पर प्रसारित होता है और जियो हॉटस्टार पर भी स्ट्रीम होता है।