सुकेश चंद्रशेखर मामले में जैकलीन फर्नांडिस को सुप्रीम कोर्ट से झटका, वापस लेनी पड़ी याचिका
क्या है खबर?
अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को कथित महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली है। कोर्ट के कड़े रुख को देखते हुए अभिनेत्री ने शीर्ष अदालत से अपनी याचिका वापस ले ली है। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जोयमल्या बागची की पीठ ने जैकलीन को याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी और साफ किया कि वो अपनी कानूनी लड़ाई निचली अदालत में ही लड़ें।
फैसला
अब निचली अदालत में ही चलेगा केस
जैकलीन ने महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में सुप्रीम कोर्ट से अपनी याचिका वापस ले ली है। 25 जून को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उनकी मांग स्वीकार कर ली। जैकलीन ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें ED की चार्जशीट रद्द करने से इनकार किया गया था। उन्होंने निचली अदालत द्वारा उन पर तय किए गए मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को भी चुनौती दी थी।
पृष्ठभूमि
कैसे शुरू हुआ 200 करोड़ की ठगी का ये मामला?
मामला अगस्त, 2021 में अदिति सिंह द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत से शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सुकेश के नेतृत्व वाले एक सिंडिकेट ने उनसे करीब 200 करोड़ की ठगी की है। सुकेश ने जेल के भीतर से ही काम करते हुए खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताया था। दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज किए गए इसी मुख्य अपराध के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने PMLA के तहत मनी लॉन्ड्रिंग का ये मामला दर्ज किया था।
आरोप
जैकलीन पर 5.71 करोड़ के तोहफे लेने का आरोप
ED के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने कथित अपराध से कमाई गई रकम का इस्तेमाल कई हस्तियों को महंगे उपहार देने में किया। एजेंसी का आरोप है कि जैकलीन को करीब 5.71 करोड़ रुपये के उपहार और लाभ मिले, जिनमें लग्जरी बैग, गहने, घड़ियां, गाड़ियां और विदेशी फंड ट्रांसफर शामिल हैं। बीती 30 मई को विशेष अदालत ने सुकेश, जैकलीन और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे, जिसके बाद जैकलीन सुप्रीम कोर्ट पहुंची थीं।
अपराध
सुकेश का आपराधिक रिकॉर्ड बनाम जैकलीन का धोखे का दावा
इस केस में जज प्रशांत कुमार मिश्रा सुनवाई से अलग हो गए थे, क्योंकि उनका बेटा एक जुड़े मामले में सरकारी वकील था। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट भी जैकलीन की अर्जी खारिज कर चुका है। कोर्ट के मुताबिक, सुकेश के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी के बावजूद अभिनेत्री ने उससे महंगे तोहफे लिए, वहीं जैकलीन का दावा है कि सुकेश ने उन्हें धोखे में रखा और उन्हें नहीं पता था कि ये तोहफे अपराध की कमाई से दिए गए थे।