परेश रावल 'हेरा फेरी 3' से सच में हुए बाहर? निर्देशक प्रियदर्शन ने कही ये बात
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की कॉमेडी फ्रैंचाइजी 'हेरा फेरी 3' फिर से लोगों का ध्यान खींच रही है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने एक बार फिर फिल्म से किनारा कर लिया है और 15 प्रतिशत ब्याज के साथ साइनिंग अमाउंट लौटा दिया है। 'बाबू भैया' के फिल्म में न होने की बात सुनकर फैंस भी मायूस हो गए। हालांकि, ताजा रिपोर्ट में फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन ने वायरल दावों पर चुप्पी तोड़ी है।
बयान
परेश रावल के बाहर होने की जानकारी नहीं
TOI से बातचीत में, निर्देशक प्रियदर्शन ने परेश के दूसरी बार फिल्म से बाहर होने के दावे पर कहा, "मुझे इसकी जानकारी नहीं है।" उनके 5 शब्दों को सुनने के बाद यही कयास लगाए जा रहे हैं कि वायरल दावे पूरी तरह से फर्जी हैं। उधर बॉलीवुड हंगामा ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता के बाहर होने की खबरें जो वायरल हो रही हैं, वह ठीक एक साल पहले उन्होंने ही प्रकाशित की थी। वायरल खबरें एक साल पुरानी हैं।
प्रतिक्रिया
परेश ने विवाद पर दिया था रिएक्शन
इससे पहले, परेश ने न्यूज 18 शोशा से बातचीत में फिल्म छोड़ने को लेकर हुए विवाद पर कहा था, "बहुत कुछ हुआ है, लेकिन इससे प्रियदर्शन के साथ मेरे रिश्ते में कोई खटास नहीं आई है। ऐसे रिश्ते खराब नहीं होते। बल्कि, इससे हमारा बंधन और भी मजबूत हुआ है। घाव भर गया है।" कुल मिलाकर साफ हो गया है कि परेश के 'हेरा फेरी 3' से बाहर होने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। वह इसका हिस्सा रहेंगे।