'कॉकटेल 2' के बाद मैडॉक फिल्म्स का धमाका, इन फिल्मों से बॉक्स ऑफिस हिलाने की तैयारी
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता दिनेश विजान की कंपनी मैडॉक फिल्म्स अपने तरकश में कई फिल्मों को समेटे हुए है। जहां एक तरफ शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना अभिनीत फिल्म 'कॉकटेल 2' रिलीज हो चुकी है। आने वाले महीनों के लिए निर्माताओं ने अन्य बड़ी फिल्मों का ऐलान भी कर दिया है, जिनकी रिलीज का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। तो देर किस बात की है? चलिए एक नजर डालते हैं मैडॉक फिल्म्स की इन बहुप्रतीक्षित फिल्मों पर।
#1 & #2
'प्रहार' और 'ईथा'
'कॉकटेल 2' के बाद, मैडॉक फिल्म्स की अगली फिल्म 'प्रहार- द उज्ज्वल निकम स्टोरी' है। राजकुमार राव अभिनीत यह एक बायोग्राफिकल है, जिसमें वह भारत के चर्चित वकीन उज्जवल निकम का किरदार निभाते दिखेंगे। इसका टीजर हाल ही में आया है, जबकि फिल्म 7 अगस्त, 2026 को आएगी। दूसरी ओर, श्रद्धा कपूर अभिनीत फिल्म 'ईथा' है, जो 28 अगस्त को सिनेमाघरों का रुख करेगी। यह फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर लावणी डांसर विठाबाई नारायणगांवकर की असल जिंदगी पर आधारित है।
#3 & #4
'शक्ति शालिनी' और 'भेड़िया 2'
मैडॉक फिल्म्स अपने हॉरर यूनिवर्स की अगली फिल्म 'शक्ति शालिनी' को लेकर भी चर्चा में है, जिसमें अनीत पड्डा मुख्य किरदार में नजर आएंगी। इसमें 'होमबाउंड' (2025) वाले विशाल जेठवा भी मुख्य किरदार में नजर आएंगे। फिल्म के जनवरी, 2027 में रिलीज होने की संभावना है। वरुण धवन की हॉरर कॉमेडी 'भेड़िया' 2022 में रिलीज हुई थी। निर्माताओं ने इसके सीक्वल 'भेड़िया 2' का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह भी अगले साल सिनेमाघरों में आने की तैयारी में है।
#5 & #6
'महामुंज्या' और 'स्त्री 3'
शरवरी वाघ और अभय वर्मा की फिल्म 'मुंज्या' (2024) दर्शकों को हंसाने और डराने में सफल रही थी। इसकी जबरदस्त सफलता के बाद निर्माताओं ने 'महामुंज्या' का ऐलान कर दिया था, जिसमें शरवरी और अभय अपने-अपने किरदारों में लौटेंगे। हालांकि इसकी रिलीज से जुड़ा अपडेट आना बाकी है। इसके अलावा, श्रद्धा और राजकुमार अभिनीत फिल्म 'स्त्री 3' भी पाइपलाइन में है। इस फ्रैंचाइजी की दोनों किस्तों को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया है, जो अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद हैं।