शोहरत से दूर सिर्फ काम पर ध्यान, फरदीन खान जल्द संभालेंगे निर्देशन और निर्माण की कमान
लंबे समय बाद वापसी कर रहे फरदीन खान जल्द ही कॉमेडी फिल्म 'मालामाल वीकली 2' में नजर आएंगे। अभिनेता का कहना है कि अब उन्हें शोहरत की कोई चाह नहीं है, बल्कि वो सिर्फ अपने काम के प्रति जुनून के चलते अभिनय की दुनिया में लौटे हैं। एक्टिंग में वापसी करते हुए वो रचनात्मक विकास और फिल्म निर्माण पर भी जोर दे रहे हैं। फरदीन प्रोडक्शन का काम संभालने की योजना भी बना रहे हैं।
'राजा शिवाजी' और 'कोख' के बाद फरदीन खान की नई पारी
फरदीन का मानना है कि जिंदगी की अनिश्चितताएं ही इसे सबसे खूबसूरत और दिलचस्प सफर बनाती हैं। उतार-चढ़ाव और बदलावों को स्वीकार करने का यही नजरिया उन्हें जीवन में हमेशा आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देता है।
अपने काम की बात करें तो फरदीन 'राजा शिवाजी' और एकता कपूर के नए स्ट्रीमिंग प्रोजेक्ट 'कोख' जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। इन विविध किरदारों को निभाने के बाद अब वो लीक से हटकर नए और चुनौतीपूर्ण रोल आजमाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन बात सिर्फ अभिनय तक ही सीमित नहीं है। फरदीन बहुत जल्द सिनेमा के पीछे की कमान भी संभालने जा रहे हैं। वे जल्द ही निर्देशन और निर्माण (Production) के क्षेत्र में कदम रखने की योजना बना रहे हैं।