शादी करने वाली हैं करिश्मा तन्ना, एकता कपूर ने किया कन्फर्म
क्या है खबर?
अभिनेत्री करिश्मा तन्ना आए दिन किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में रहती हैं। हालांकि, कुछ समय से वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। अब निर्माता एकता कपूर ने करिश्मा और उनके मंगेतर वरुण के रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है।
उन्होंने यह हिंट भी दे दिया है कि करिश्मा जल्द ही वरुण बंगेरा संग शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। एकता ने एक वीडियो पोस्ट किया है।
आइए जानते हैं क्या कुछ जानकारी मिली है।
बधाई
एकता ने दीं करिश्मा और वरुण को शुभकामनाएं
एकता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्हें करिश्मा और वरुण बंगेरा के अलावा अपने दूसरे दोस्तों के साथ पार्टी करते देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहा है कि एकता, वरुण और करिश्मा को उनकी नई जिंदगी की बधाई दे रही हैं, जिसका जवाब देते हुए करिश्मा भी उन्हें शुक्रिया कह रही हैं।
एकता ने कैप्शन में लिखा, 'तो वरुण और करिश्मा को भविष्य के लिए बधाई'। दोनों एकसाथ शानदार जीवन बिताएं।'
जानकारी
एकता के साथ कई बार काम कर चुकी हैं करिश्मा
बता दें कि करिश्मा ने एकता के धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से छोटे पर्दे पर अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 'कहीं तो मिलेंगे', 'नागिन' और 'कयामत की रात' जैसे एकता के कई धारावाहिकों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
नई शुरुआत
इसी महीने हुई थी करिश्मा की सगाई
इसी महीने खबर आई थी कि करिश्मा ने वरुण बंगेरा से गुपचुप सगाई कर ली है। दोनों ने 12 नवंबर को एक-दूसरे को सगाई की अंगूठी पहनाई थी।
जहां करिश्मा ने सोशल मीडिया पर एक केक की फोटो शेयर की थी, जिस पर लिखा था बधाई, वहीं वरुण ने करिश्मा के साथ एक रोमांटिक तस्वीर साझा की थी।
दोनों ने बिना बोले ही अपने फैंस को इशारा दे दिया कि वे अपने रिश्ते में एक कदम आगे बढ़ चुके हैं।
मिलन
एक कॉमन फ्रेंड ने कराई थी करिश्मा और वरुण की मुलाकात
वरुण और करिश्मा की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई और जल्द ही यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे।
करिश्मा और वरुण पिछले कुछ सालों से एक-दूसरे के साथ थे और अपनी इस रिलेशनशिप को लेकर काफी सीरियस थे। लिहाजा उन्होंने अपने रिश्ते को सगाई का नाम देने का फैसला किया।
हालांकि, करिश्मा ने अब तक अपने इस रिश्ते पर चुप्पी साधी हुई है।
असफल रिश्ता
वरुण से पहले उपेन पटेल से सगाई कर चुकी हैं करिश्मा
'बिग बॉस 8' में मॉडल उपेन पटेल से मिलने के बाद करिश्मा उनकी तरफ आकर्षित हुई थीं। कई रियलिटी शोज में हिस्सा लेने के बाद उपेन और करिश्मा सभी के फेवरेट बन गए थे।
दोनों ने शो 'नच बलिए' के दौरान सगाई तक कर ली थी। हालांकि, शो से निकलने के दो-तीन महीने बाद उन्होंने सगाई तोड़ दी थी।
करिश्मा ने कहा था, "कभी-कभार दो अद्भुत लोग एक साथ नहीं होते हैं। हमारे साथ भी ऐसा ही हुआ है।"