Page Loader
'खतरों के खिलाड़ी 10' की विजेता करिश्मा तन्ना बिजनेसमैन वरुण बंगेरा को कर रहीं डेट?
करिश्मा तन्ना इस बिजनेसमैन को कर रही हैं डेट

'खतरों के खिलाड़ी 10' की विजेता करिश्मा तन्ना बिजनेसमैन वरुण बंगेरा को कर रहीं डेट?

Aug 30, 2021
07:10 pm

क्या है खबर?

टीवी अभिनेत्री करिश्मा तन्ना ने 'खतरों के खिलाड़ी 10' से अपार लोकप्रियता हासिल की थी। वह स्टंट पर आधारित शो 'खतरों के खिलाड़ी 10' की विजेता बनकर उभरी थीं। हाल के दिनों में छोटे पर्दे पर उनकी सक्रियता बिल्कुल कम हो गई है। अब उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आ रही है। खबरों की मानें तो अभिनेत्री करिश्मा रियल एस्टेट बिजनेसमैन वरुण बंगेरा को डेट कर रही हैं।

जानकारी

करिश्मा ने शेयर की कथित बॉयफ्रेंड वरुण की तस्वीर

इस कपल ने अपने प्यार को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरों से उनकी बॉन्डिंग साफ झलकती है। हाल ही में करिश्मा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने कथित बॉयफ्रेंड वरुण की तस्वीर शेयर की थी और उन्हें उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी थीं। इसके बाद चर्चा शुरू हो गई थी कि करिश्मा और वरुण दोनों के बीच प्यार की खिचड़ी पक रही है।

मुलाकात

कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी दोनों की मुलाकात

करिश्मा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी मे दिल का इमोजी बनाते हुए वरुण को जन्मदिन की बधाई दी थी। ईटाइम्‍स की रिपोर्ट के मुताबिक, करिश्‍मा ने वरुण के लिए जन्मदिन की पार्टी भी आयोजित की थी। इस पार्टी में उनके करीबी दोस्तों ने शिरकत की थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इन दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। सूत्रों ने बताया कि करिश्मा और वरुण अपने रिलेशनशिप को लेकर काफी गंभीर हैं।

रिलेशनशिप

मॉडल उपेन पटेल के साथ रिलेशनशिप में थीं करिश्मा

करिश्मा इससे पहले मॉडल उपेन पटेल के साथ रिलेशनशिप में थीं। करिश्मा और उपेन की मुलाकात सलमान खान के शो बिग बॉस के घर में हुई थी। इसके बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ी थीं। बिग बॉस के शो में भाग लेने के बाद उन्होंने अन्य रियलिटी शो में भी भाग लिया था। हालांकि, इन दोनों का रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाया था। करीब दो सालों तक डेटिंग करने के बाद इन दोनों का ब्रेकअप हो गया था।

करियर

ऐसा रहा करिश्मा का करियर

करिश्मा के करियर की बात करें तो उन्हें कई चर्चित फिल्मों और टीवी शोज में देखा गया है। उन्होंने लोकप्रिय हिन्दी सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से 2001 में डेब्‍यू किया था। टीवी शो 'नागिन 3' में भी उन्हें काफी पसंद किया गया था। इसके अलावा उन्होंने 'ग्रैंड मस्‍ती' और 'संजू' जैसी बॉलीवुड फिल्‍मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवायी है। उन्हें आखिरी बार फिल्‍म 'सूरज पे मंगल भारी' में देखा गया था।