'धुरंधर' के लिए डिजाइनर ने अकेले तैयार किए 10,000 से ज्यादा कॉस्ट्यूम, निर्देशक बोले- ये टैलेंट नहीं, जिद है
फिल्म 'धुरंधर' के निर्देशक आदित्य धर, अपनी फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइनर स्मृति की जमकर तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्मृति ने फिल्म के लिए अकेले ही 10,000 से ज्यादा कॉस्ट्यूम डिजाइन किए हैं, जो अपने आप में एक बहुत बड़ी बात है। आदित्य धर ने बताया कि कैसे स्मृति की बारीकियों पर नजर ने मुख्य किरदार हमजा के लिए 250 से ज्यादा अलग-अलग लुक तैयार किए। फिल्म की डेढ़ साल लंबी शूटिंग के दौरान, उन्होंने हजारों एक्सेसरीज को भी इतने बेहतरीन तरीके से इस्तेमाल किया कि हर चीज सटीक लगी। आदित्य धर को उनकी पहली मुलाकात याद है, जब उन्होंने कहा था, "प्रिय स्मृति, मुझे आज भी याद है कि हमारी पहली बातचीत में हमने बात की थी कि जस्कीरत की कहानी रंगों के कैसे हल्के इस्तेमाल से शुरू होगी..." और उनके काम ने फिल्म के पूरे विजुअल टोन (दृश्य भाषा) को तय कर दिया।
'धुरंधर' के डिजाइन अब पूरी इंडस्ट्री के लिए प्रेरणा बन गए हैं: आदित्य धर
आदित्य धर का मानना है कि स्मृति के डिजाइन सिर्फ कपड़े भर नहीं रहे, बल्कि उन्होंने 'धुरंधर' को एक अलग ही पहचान दी। उनका बोल्ड अंदाज अब पूरी इंडस्ट्री के डिजाइनर्स को प्रेरित कर रहा है। जैसा कि आदित्य धर ने कहा, "और सबसे खूबसूरत बात क्या है? एक ऐसे स्पेस से, जो पहले अनजान लगता था, आपने कुछ ऐसा बनाया जो इतना अलग है कि अब लोग हर जगह आपके डिजाइन स्टाइल को फॉलो कर रहे हैं। यह सिर्फ टैलेंट नहीं है। यह हिम्मत है। यह जिद है। मैं खुश हूँ कि मुझे इस सफर को इतने करीब से देखने का मौका मिला। और मैं इस बात के लिए और भी आभारी हूँ कि मुझे इस फिल्म में आपके साथ काम करने का अवसर मिला 'लव एंड लक', हमेशा के लिए!"