धनुष ने BRICS फिल्म फेस्टिवल में 'असुरन' के लिए जीता बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड
क्या है खबर?
धनुष ने साउथ फिल्मों में जितनी लोकप्रियता कमाई है, उतना ही नाम उनका अब बॉलीवुड में हो चुका है। वह एक पैन इंडिया स्टार हैं, जो साउथ के साथ-साथ बॉलीवुड में भी सक्रिय और लोकप्रिय हैं।
ना सिर्फ उनका अभिनय, बल्कि उनका अंदाज भी दर्शकों को अपनी ओर खींचता है। अब एक बार फिर धनुष चर्चा में हैं। दरअसल, तमिल फिल्म 'असुरन' के लिए उन्हें BRICS फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला है।
आइए जानते हैं पूरी खबर।
उत्साह
धनुष ने सोशल मीडिया पर जाहिर की खुशी
वेत्रिमारन के निर्देशन में बनी तमिल फिल्म 'असुरन' में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए धनुष को BRICS फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा गया है।उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे लेकर खुशी जाहिर की है।
धनुष ने फिल्म का एक पोस्टर साझा करते हुए लिखा, 'परम सम्मान।' उनके इस पोस्ट के बाद प्रशसंक उन्हें बधाई दे रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इसी साल धनुष को अपनी इस फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था।
ट्विटर पोस्ट
धनुष का पोस्ट
An absolute honour 🙏🙏🙏 pic.twitter.com/DBPo5mTJGV
— Dhanush (@dhanushkraja) November 28, 2021
पुरस्कार
फिल्म फेस्टिवल में लारा बोल्डोरिनी को मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब
लारा बोल्डोरिनी को ब्राजील की फिल्म 'ऑन व्हील्स' में उनके प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दो फिल्मों दक्षिण अफ्रीकी फिल्म 'बराकत' और रूसी फिल्म 'द सन एबव मी नेवर सेट्स' को मिला। 'बराकत' का निर्देशन एमी जेफ्ता ने किया है, जबकि रूसी फिल्म के निर्देशक हुसोव बोरिसोवा हैं।
चीनी निर्देशक यान हान को समारोह में उनकी फिल्म 'ए लिटिल रेड फ्लावर' के लिए स्पेशल मेंशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
BRICS फिल्म समारोह को भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के 52वें संस्करण के साथ गोवा में आयोजित किया गया था। पहली बार IFFI के साथ BRICS फिल्म महोत्सव का आयोजन किया गया। फेस्टिवल में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका की फिल्में शामिल थीं।
फिल्म
जानिए फिल्म 'असुरन' के बारे में
'असुरन' में धनुष ने एक लाचार पिता की भूमिका अदा की थी, जो अपने बेटे को बचाने के लिए परिवार के साथ गांव छोड़कर भाग जाता है। धनुष शिवस्वामी नाम के किसान के किरदार में थे और अभिनेत्री मंजू वारियर उनकी पत्नी की भूमिका में थीं।
फिल्म में धनुष के बेजोड़ अभिनय ने सबका दिल जीत लिया था। यही वजह है कि अब उन्हें इसके लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिला है।
'असुरन' 4 अक्टूबर, 2019 को रिलीज हुई थी।
लोकप्रियता
तेलुगु में बन चुका है 'असुरन' का रीमेक
'असुरन' इतनी लोकप्रिय हुई कि इसे तेलुगु भाषा में भी बनाया गया। तेलुगु रीमेक में वेंकटेश दग्गुबाती और प्रियमणि ने मुख्य भूमिका निभाई थी और फिल्म का नाम था 'नारप्पा'।
यह फिल्म भले ही 'असुरन' से इतर अपनी पहचान बना पाने में पूरी तरह सफल नहीं हुई, लेकिन दर्शकों ने इस फिल्म को भी खूब सराहा।
'नारप्पा' इस साल 20 जुलाई को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। श्रीकांत अडाला ने इस फिल्म के निर्देशन की कमान संभाली थी।
जानकारी
धनुष की आने वाली फिल्मों पर एक नजर
धनुष रुसो ब्रदर्स की अगली फिल्म 'द ग्रे मैन' में अहम भूमिका निभाने वाले हैं। दूसरी तरफ बॉलीवुड में अक्षय कुमार और सारा अली खान के साथ उनकी फिल्म 'अतरंगी रे' रिलीज होने वाली है। 'नाने वरुवेन', 'मारन' और 'थिरुचित्रम्बलम' उनकी आगामी तमिल फिल्में हैं।