हर्षवर्धन राणे की फिल्म 'यूनिफॉर्म' से जुड़ेंगे अनिल कपूर? जानिए क्या है अपडेट
क्या है खबर?
हर्षवर्धन राणे को आखिरी बार फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' में देखा गया था। फिल्म का निर्देशन मिलाप जावेरी ने किया था जिनके साथ अभिनेता एक और फिल्म करने के लिए तैयार हैं। हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों की इस आगामी फिल्म का नाम 'यूनिफॉर्म' होगा। इसमें हर्षवर्धन के साथ, आकांक्षा शर्मा नजर आएंगी जो 'लैला' और 'केसरी वीर' जैसी फिल्मों का हिस्सा रही हैं। अब खबर है कि फिल्म में दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर भी शामिल हो सकते हैं।
बातचीत
निर्माताओं के साथ अनिल कपूर की बातचीत जारी
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 'यूनिफॉर्म' एक हाई-ऑक्टेन एक्शन ड्रामा होने की उम्मीद है जो निर्देशक जावेरी की विशेष शैली का हिस्सा है, जिसकी झलक जॉन अब्राहम की फिल्म 'सत्यमेव जयते' में दिखी थी। फिल्म में एक खास किरदार के लिए अनिल से संपर्क किया गया है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो अभिनेता'यूनिफॉर्म' में एक पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आ सकते हैं। अनिल पहले भी 'मलंग' और 'रेस' जैसी कई फिल्मों में पुलिस अधिकारी बन चुके हैं।
शूटिंग
जल्द शुरू होगी फिल्म 'यूनिफॉर्म' की शूटिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माता 'यूनिफॉर्म' की शूटिंग मई, 2026 से शुरू करने जा रहे हैं। यह एक कॉप-ड्रामा फिल्म होगी जो कानून, न्याय और पुलिस की कार्रवाई पर आधारित होगी। इसका निर्माण टी-सीरीज के बैनर तले किया जाएगा। फिलहाल, हर्षवर्धन इन दिनों आगामी फिल्म 'फोर्स 3' की शूटिंग में व्यस्त चल रहे हैं। इसके मुर्हूत की तस्वीरें अभिनेता ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इसके अलावा, उनके पास निर्देशक ओमंग कुमार की फिल्म 'सिला' भी है।