साउथ सिनेमा में बड़ा धमाका, इस ब्लॉकबस्टर निर्देशक पर अल्लू अर्जुन की 25वीं फिल्म का जिम्मा
क्या है खबर?
साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। अपनी 25वीं फिल्म के लिए उन्होंने 'मिन्नल मुरली' से मशहूर निर्देशक बेसिल जोसेफ के साथ हाथ मिलाया है। इस जोड़ी के साथ आने की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, क्योंकि ये अल्लू के करियर का एक बड़ा मील का पत्थर साबित होने वाली है। आइए जानें फिल्म से जुड़ी और क्या जानकारी मिली है।
रिपोर्ट
दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के 2 बड़े सितारों का मिलन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मलयालम सिनेमा के बहुमुखी अभिनेता और निर्देशक बेसिल जोसेफ को अल्लू की 25वीं फिल्म को निर्देशित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये एक बहुभाषी फिल्म होगी। 'पुष्पा: द रूल' की जबरदस्त सफलता के बाद अल्लू की फैन फॉलोइंग पूरे भारत में कई गुना बढ़ गई है। केरल में भी उनकी लोकप्रियता चरम पर है, इसलिए बेसिल के साथ उनके इस नए प्रोजेक्ट की खबर ने साउथ प्रेमियों के बीच भारी उत्साह पैदा कर दिया है।
तैयारी
अल्लू की फिल्म के लिए बेसिल ने कसी कमर
दक्षिण भारतीय सिनेमा की 2 दिग्गज प्रतिभाओं का ये मिलन एक ऐतिहासिक फिल्म की नींव रखने जा रहा है, जिसकी शूटिंग अगले साल की शुरुआत में शुरू होगी। इस बड़े प्रोजेक्ट को अल्लू के पिता अल्लू अरविंद के प्रतिष्ठित बैनर गीता आर्ट्स के तले बनाया जा रहा है। निर्देशक की टीम के एक सदस्य ने कहा कि निर्माता फिल्म की बारीकियों और तौर-तरीकों पर काम कर रहे हैं और अगले 2 हफ्तों में अल्लू ये फिल्म साइन कर लेंगे।
फिल्में
बेसिल और अल्लू की ये फिल्में भी चर्चा में
फिलहाल अल्लू के पास 3 बड़ी फिल्में 'AA22', 'AA23' और 'पुष्पा 3' हैं। हालांकि, इनकी रिलीज तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। दूसरी ओर बेसिल अपनी अगली फिल्म 'अथिरदी' की 14 मई को होने वाली रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। टोविनो थॉमस और विनीत श्रीनिवासन अभिनीत ये फिल्म उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि ये उनके अपने बैनर 'बासिल जोसेफ एंटरटेनमेंट' के तहत निर्मित पहली फिल्म है। बेसिल अपनी इसी फिल्म के प्रचार में व्यस्त हैं।
पहचान
'मिन्नल मुरली' से चमके बेसिल जोसेफ
बेसिल जोसेफ आज भारतीय सिनेमा के चुनिंदा निर्देशकों और अभिनेताओं में हैं, जिन्होंने अपनी रचनात्मकता से क्षेत्रीय सिनेमा की सीमाएं तोड़ी हैं। उनकी पहचान 2021 में आई फिल्म 'मिन्नल मुरली' से बनी। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस फिल्म ने वैश्विक स्तर पर धूम मचाई। बेसिल ने साबित कर दिया था कि बिना भारी बजट के भी बेहतरीन सुपरहीरो फिल्म बनाई जा सकती है। 'मिन्नल मुरली' के लिए उन्होंने एशियन एकेडमी क्रिएटिव अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार भी जीता था।