LOADING...
अल्लू अर्जुन कैसे चिरंजीवी के साए से निकलकर दुनियाभर में चमके? ये थे वो 5 मोड़ 
अल्लू अर्जुन: ट्रोलिंग से 'आइकन स्टार' तक का सफर

अल्लू अर्जुन कैसे चिरंजीवी के साए से निकलकर दुनियाभर में चमके? ये थे वो 5 मोड़ 

Apr 08, 2026
03:03 pm

क्या है खबर?

चिरंजीवी के भतीजे और अल्लू रामलिंगैया के पोते अल्लू अर्जुन के डेब्यू को लेकर काफी उत्सुकता थी। सुख-सुविधाओं में पले-बढ़े तब 20 वर्षीय अल्लू ने शुरुआत में ही एक गांव के लड़के की भूमिका चुनी। शुरुआती फिल्में उम्मीद पर खरी नहीं उतरीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा रहा कि आज वो ग्लोबल स्टार बन चुके हैं। अल्लू अब 44 साल के हो गए हैं। आइए उनके अब तक के सफर पर एक नजर डालते हैं।

#1

चिरंजीवी से तुलना और उम्मीदों का बोझ

चिरंजीवी एक ऐसे सितारे हैं, जो अपने अभिनय कौशल के साथ-साथ अपने लुक के लिए भी जाने जाते हैं, इसलिए जब अल्लू ने साल 2003 में 'गंगोत्री' के साथ डेब्यू किया तो वो वैसे बिल्कुल नहीं थे जैसा प्रशंसकों ने उम्मीद की थी। उस समय सोशल मीडिया नहीं था, लेकिन आज तक उस फिल्म की उनकी तस्वीरों और वीडियो का बेरहमी से 'मीम' के रूप में उपयोग किया जाता है। इसका कारण उनके लुक के अलावा और कुछ नहीं था।

#2

'लवर बॉय' बनकर की धमाकेदार वापसी

फिर एक शहरी किरदार के साथ 'लवर बॉय' के रूप में अल्लू का पुनर्जन्म हुआ। काकीनाडा के गणित और भौतिकी के लेक्चरर सुकुमार ने बतौर निर्देशक डेब्यू किया। उन्होंने अल्लू के भीतर की क्षमता को पहचाना और इस तरह 2004 में सुकुमार की पहली फिल्म 'आर्या' आई, जिसने अल्लू को बिल्कुल नए रूप में पेश किया। वो कलाकार, जो जान लगाकर डांस कर सकता था। उनके डांस ने चिरंजीवी की विरासत और उनकी कॉमेडी ने अल्लू रामलिंगैया की याद दिलाई।

Advertisement

#3

...जब मिला साउथ के 'स्टाइलिश स्टार' का दर्जा

इसके बाद जल्द ही अल्लू ने 'बन्नी', 'हैप्पी', 'देशमुदुरु', 'आर्या 2' और 'वेदम' जैसी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों ने एक 'मास' (आम जनता के पसंदीदा) और 'शहरी' हीरो के रूप में उनकी जगह पक्की कर दी। इन फिल्मों में अल्लू के स्टाइल ने भी सबका ध्यान खींचा। उनके फैशन ने न केवल 2000 के दशक की शुरुआत के सांस्कृतिक दौर को पकड़ा, बल्कि उन्हें 'स्टाइलिश स्टार' का नाम भी दिलाया।

Advertisement

#4

अनचाहा ब्रेक और करियर का ढलान

2010 के दशक में अल्लू की 'डीजे: दुव्वाडा जगन्नाधम' और 'सर्राइनोडु' जैसी फिल्मों ने अच्छी कमाई की, लेकिन ये भी महसूस हुआ कि उनकी फिल्मों में पहले जैसा मजा नहीं रहा। 'ना पेरू सूर्या, ना इल्लू इंडिया' की काफी आलोचना हुई। इसके बाद 2020 में 'अला वैकुंठपुरमुलु' की रिलीज से पहले अल्लू के करियर में अनचाहे 2 साल का ब्रेक आया। इस फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में उन्होंने अपना मशहूर डायलॉग बोला था, "मैंने ब्रेक लिया नहीं, बस लग गया।"

#5

'आइकन स्टार' का उदय

शहरी छवि और स्टाइलिश डांस को छोड़कर जब अल्लू अर्जुन ने 'पुष्पा' का देहाती अवतार अपनाया तो आलोचकों को उनकी सफलता पर शक था, लेकिन साधारण लुक और अनोखे अंदाज के साथ उन्होंने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और यहीं से 'आइकन स्टार' का उदय हुआ। 2024 में 'पुष्पा 2' के साथ उन्होंने पर्दे पर नीली साड़ी पहनकर और 1,800 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर साउथ के इतिहास के बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

Advertisement