LOADING...
'ऑल माई चिल्ड्रन' स्टार पॉल एवेरी और उनकी पत्नी शीला एवेरी की आग में झुलसकर मौत
दिग्गज अभिनेता पॉल एवेरी और उनकी पत्नी की आग में झुलसकर मौत

'ऑल माई चिल्ड्रन' स्टार पॉल एवेरी और उनकी पत्नी शीला एवेरी की आग में झुलसकर मौत

Jun 19, 2026
09:33 am

क्या है खबर?

हॉलीवुड जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय टीवी शो 'ऑल माई चिल्ड्रन' और सुपरहिट फिल्म 'सुपरमैन' में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए मशहूर दिग्गज अभिनेता पॉल एवेरी और उनकी पत्नी शीला एवेरी का एक भीषण हादसे में निधन हो गया है। न्यू जर्सी स्थित उनके घर में अचानक लगी भीषण आग में इस मशहूर जोड़ी ने अपनी जान गंवा दी। इस दर्दनाक खबर के बाद से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।

दुखद

बेहोशी की हालत में मिले अभिनेता और पत्नी ने तोड़ा दम

81 वर्षीय अभिनेता पॉल और उनकी पत्नी देर रात करीब 1 बजे अपने घर में बेहोशी की हालत में पाए गए। जब राहत दल मौके पर पहुंचा तो पूरा घर आग की लपटों से घिरा हुआ था। फायरफाइटरों ने दोनों को बाहर निकालकर CPR भी दिया, लेकिन बाहर लाने के कुछ ही देर बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। इस अचानक हुए हादसे से पॉल के परिवारवाले और प्रशंसक सदमे में हैं।

पोस्ट

बेटी ने लिखा दिल तोड़ने वाला पोस्ट

इस भयानक हादसे की पुष्टि करते हुए पॉल और शीला की बेटी काइल एवेरी ने फेसबुक पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखा, 'मैं यह बताते हुए पूरी तरह टूट चुकी हूं कि हमारे माता-पिता अब हमारे बीच नहीं रहे। हम उनसे बहुत प्यार करते थे और उनके प्यार पर हमें कभी कोई शक नहीं था। हम ब्लेयर्सटाउन फायर डिपार्टमेंट के प्रयासों के लिए उनके आभारी हैं।' फिलहाल घर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Advertisement

लोकप्रियता

अभिनेता होने के साथ-साथ जांबाज पायलट भी थे पॉल एवेरी

अभिनेता पॉल एवेरी ने अपने करियर की शुरुआत 1970 के दशक में की थी। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 'ऑल माई चिल्ड्रन' शो में 12 साल तक निभाए गए बारटेंडर 'ह्यूगी' के किरदार से मिली। इसके अलावा उन्होंने साल 1978 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सुपरमैन' में एक टीवी कैमरामैन की भूमिका निभाई थी और वो शो 'थ्रीज कंपनी' में भी नजर आए थे। अभिनय की दुनिया के साथ-साथ पॉल अमेरिकी सेना के एक अनुभवी जवान और कुशल पायलट भी रह चुके थे।

Advertisement

पत्रकारिता

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के पूर्व पत्रकार थे पॉल एवेरी

पॉल का नाता पत्रकारिता से भी रहा था। उन्होंने न्यू जर्सी के स्थानीय अखबारों के अलावा प्रतिष्ठित समाचार पत्र 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के लिए काम किया था। बाद में वो 'रिज व्यू इको' अखबार के संस्थापक कार्यकारी संपादक बने। बेहद भावुक बात ये रही कि उनके निधन की खबर सबसे पहले उन्हीं के पब्लिकेशन के रिपोर्टर जो फालोन ने ब्रेक की। पॉल और उनकी पत्नी शीला अपने पीछे 2 बेटियां, पार्कर और काइल, और एक बेटा पॉल छोड़ गए हैं।

Advertisement