अजय देवगन ने 'किल' के निर्देशक निखिल नागेश भट्ट से मिलाया हाथ, जियो स्टूडियोज लगाएगा बड़ा दांव
अजय देवगन जल्द ही एक नई एक्शन-ड्रामा फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस धमाकेदार प्रोजेक्ट का निर्देशन निखिल नागेश भट कर रहे हैं, जबकि जियो स्टूडियोज इसका निर्माण कर रहा है। फिलहाल फिल्म पर काम चल रहा है और इसकी शूटिंग साल 2027 की दूसरी छमाही में शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक फिल्म की कहानी और बाकी सितारों से जुड़ी तमाम जानकारियों को पूरी तरह से गुप्त रखा है।
हॉलीवुड फिल्म के बाद अजय संग धमाका करेंगे निखिल नागेश
निर्देशक निखिल नागेश भट अपनी 2024 की सुपरहिट फिल्म 'किल' से वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुके हैं, जिसके हॉलीवुड रीमेक का करार भी हो चुका है। अपने अनोखे और नए दौर के एक्शन स्टाइल के लिए मशहूर निखिल, अजय देवगन के साथ इस नए प्रोजेक्ट की शुरुआत करने से पहले अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म 'डेडलॉक' पूरी कर रहे हैं, जिसमें ऑस्कर विजेता अभिनेता जेमी फॉक्स मुख्य भूमिका में हैं। ऐसे में अजय देवगन की शानदार स्टार पावर और निखिल के बेहतरीन रचनात्मक अंदाज का ये मिलाप इस फिल्म को बेहद खास बनाता है।