'रामायण' के 4,000 करोड़ बजट पर यश का खुलासा, बताया कहां और कैसे खर्च होंगे पैसे
फिल्म 'रामायण' अपने भारी-भरकम 4,000 करोड़ के बजट को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में रावण की भूमिका निभा रहे और इसके सह-निर्माता साउथ सुपरस्टार यश ने 'आप की अदालत' में इस बजट के पीछे का पूरा गणित समझाया। यश ने साफ किया कि यह 4,000 करोड़ केवल फिल्म के पहले भाग या सिर्फ शूटिंग का खर्च नहीं है, बल्कि इसमें फिल्म के दोनों हिस्सों के निर्माण के साथ-साथ उनके दुनिया भर में होने वाले प्रमोशन और थिएट्रिकल रिलीज का पूरा खर्च शामिल है।
हॉलीवुड फिल्मों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बनाई जाने वाली फिल्में अपने प्रचार पर भी उतना ही पैसा खर्च करती हैं,जितना उनकी मेकिंग में लगता है, क्योंकि उनकी कमाई भी अंतरराष्ट्रीय बाजार से होती है। ऐसे में 'रामायण' जैसी भव्य फिल्म को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए ये भारी निवेश बेहद जरूरी है।
रणबीर कपूर 'राम' तो साईं पल्लवी बनेंगी 'सीता'
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' की स्टारकास्ट और रिलीज की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। भारतीय सिनेमा और संस्कृति को वैश्विक मंच पर पेश करने के उद्देश्य से बन रही इस भव्य फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता और अरुण गोविल राजा दशरथ के मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी अयोध्या से शुरू होकर भगवान राम और रावण के बीच हुए ऐतिहासिक महायुद्ध तक जाएगी। ये महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट दो हिस्सों में रिलीज होगा, जिसका पहला भाग 6 नवंबर 2026 (दिवाली से ठीक पहले) को और दूसरा भाग दिवाली 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा।