UPSC CSAT के लिए ऐसे करें अंग्रेजी की तैयारी, आएंगे अच्छे नंबर
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा (CSE) का दूसरा पेपर सिविल सर्विस एप्टीट्यूड टेस्ट (CSAT) क्वालीफाइंग पेपर है। इसका मतलब है कि छात्रों को पेपर में केवल 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की आवश्यकता है, लेकिन फिर भी कई उम्मीदवार इस पेपर में पास नहीं हो पाते क्योंकि इसका स्तर कठिन है। हिंदी माध्यम के छात्रों को CSAT के अंग्रेजी के सवालों में ज्यादा परेशानी आती है। आइए जानते हैं UPSC CSAT के लिए अंग्रेजी कैसे पढ़ें।
सही किताब का चुनाव करें
UPSC CSAT के लिए अंग्रेजी पढ़ने के लिए सही किताबों का चुनाव करें। उम्मीदवार अरिहंत की जनरल इंग्लिश और एस चंद की इंग्लिश फॉर कॉम्पिटेटिव एग्जामिनेशन जैसी किताबों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन किताबों में दिए गए पाठों को अच्छी तरह समझें। अंग्रेजी की मूल अवधारणाओं से परिचित हों। ध्यान रखें कि अंग्रेजी रटने वाला विषय नहीं है, अगर आप अच्छे से व्याकरण और मूल अवधारणाओं को समझ लेंगे तो काफी कुछ आसान हो जाएगा।
अखबार और मैगजीन पढ़ें
अंग्रेजी में व्याकरण सुधारने और नई शब्दावली सीखने के लिए प्रतिदिन अखबार पढ़े। अंग्रेजी की मैगजीन पढ़ें, इससे कई नए शब्द मिलेंगे। अखबार और मैगजीन में मिलने वाले नए और कठिन शब्दों को अर्थसहित कॉपी में नोट कर लें। इनका रिवीजन करें और वाक्यों में प्रयोग करने की कोशिश करें। विशेष रूप से सामान्य मुहावरों और वाक्यांशों को सीखें। ये बहुत से नए शब्दों से आपको अवगत कराएंगे। अखबार पढ़ने से मुख्य परीक्षा में उत्तर लेखन में मदद भी मिलेगी।
रीडिंग कॉम्प्रिहेंसन को हल करने की तकनीक सीखें
UPSC CSAT के पिछले साल के प्रश्नपत्रों को देखें तो अंग्रेजी में सबसे ज्यादा सवाल रीडिंग कॉम्प्रिहेंसन से आए हैं। इन सवालों को हल करना पेचीदा होता है। पैसेज वाले सवालों के जबाव अक्सर गलत हो जाते हैं क्योंकि UPSC उन्हें अलग तरीके से देता है। इस तरह के सवालों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए जरूरी है कि आप ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट हल करें। हर पैसेज को 2 बार पढ़ने के बाद ही उसके उत्तर लिखें।
पढ़ने की गति और विकल्पों पर ध्यान दें
अगर आपको CSAT पेपर पास करना है तो अंग्रेजी पढ़ने की गति सही रखनी होगी। कई छात्र सवालों को पढ़ने में इतना वक्त लगा देते हैं कि सारा समय निकल जाता है। अंग्रेजी पढ़ने की गति सामान्य रखें। अगर आप बहुत तेजी से पढ़ते हैं तो पाठ की समझ खो देते हैं। कई बार जल्दबाजी में सामान्य गलतियां हो जाती हैं, इसलिए हर प्रश्न के विकल्पों पर ध्यान दें। अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद पर भी काम करें।