Page Loader
शेयर बाजार में गिरावट का दौर आज भी जारी, जानिये इसकी वजहें
शेयर बाजार में गिरावट का दौर आज भी जारी

शेयर बाजार में गिरावट का दौर आज भी जारी, जानिये इसकी वजहें

Apr 16, 2024
01:25 pm

क्या है खबर?

शेयर बाजार में गिरावट का दौर आज भी जारी है। मंगलवार को निफ्टी 50 इंडेक्स 22,125 के स्तर पर खुला और 22,103 के निचले स्तर तक पहुंच गया। इसी तरह सेंसेक्स भी गिरावट के साथ 72,892 पर खुला और दिन के सबसे निचले स्तर 72,814 को छू लिया। बैंक निफ्टी समेत अन्य इंडेक्स का भी यही हाल है और निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। आइये जानते हैं कि बाजार में गिरावट का दौर क्यों जारी है।

वजह

ईरान-इजरायल संघर्ष और मजबूत होता डॉलर

जानकारों का कहना है कि ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के चलते बिकवाली बढ़ी है। यह बाजार में आई गिरावट का एक बड़ा कारण है। अन्य बाजारों में भी इस तनाव के चलते गिरावट देखी जा रही है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर का भाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका नतीजा यह हुआ कि डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया अपने सबसे निचले स्तर पर आ गया है। भारतीय रिजर्व बैंक ने गिरावट रोकने के लिए दखल दिया है।

वजह

कच्चे तेल के बढ़ते दाम 

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। घरेलू और अतंरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 6 महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। इससे स्थानीय मुद्रा पर असर पड़ रहा है और महंगाई बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ अमेरिका में खुदरा बिक्री के आंकड़े उम्मीद से बढ़कर रहे। इससे आशंका लगाई जा रही है अमेरिका में व्यय मजबूत बना है और यहां ब्याज दर में कटौती की उम्मीद नहीं है।