LOADING...
कौन हैं विकास गर्ग? महादेव ऐप मामले में ED ने की 940 करोड़ रुपये की कार्रवाई
ED ने विकास गर्ग से जुड़ी करीब 940 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं

कौन हैं विकास गर्ग? महादेव ऐप मामले में ED ने की 940 करोड़ रुपये की कार्रवाई

Jun 22, 2026
05:07 pm

क्या है खबर?

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कारोबारी विकास गर्ग से जुड़ी करीब 940 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। इसमें एराया लाइफस्पेस में उनकी 75 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी, दिल्ली स्थित घर और गोवा, नैनीताल समेत कई संपत्तियां शामिल हैं। इस कार्रवाई का सीधा असर एराया लाइफस्पेस के लगभग 23,000 छोटे निवेशकों पर पड़ सकता है। यह मामला सामने आने के बाद कंपनी और उसके प्रमोटर चर्चा में आ गए हैं।

परिचय

कौन हैं विकास गर्ग?

गर्ग एराया लाइफस्पेस, विकास लाइफकेयर और विकास इकोटेक जैसी तीन सूचीबद्ध कंपनियों के प्रमोटर हैं। वह 2024 में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उनकी कंपनी एराया लाइफस्पेस ने अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी एबिक्स का हाई-प्रोफाइल अधिग्रहण किया था। एबिक्स फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर को टेक्नोलॉजी समाधान देने वाली कंपनी थी, जिसने बाद में अमेरिका में दिवालियापन संरक्षण के लिए आवेदन किया। इस अधिग्रहण के बाद एराया के शेयरों में भी तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

विवाद

पहले भी विवादों में रह चुके हैं गर्ग

गर्ग का नाम पहले भी कई जांच और नियामकीय मामलों में सामने आ चुका है। नवंबर, 2025 में कथित कस्टम धोखाधड़ी मामले में ED ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके अलावा, 2024 में SEBI ने टेकओवर नियमों से जुड़े कथित खुलासा उल्लंघन के मामले में उन पर जुर्माना भी लगाया था। कुछ निवेशकों ने कंपनी के कॉरपोरेट गवर्नेंस और प्रबंधन से जुड़े मुद्दों को लेकर भी नियामक संस्थाओं के सामने शिकायत दर्ज कराई थी।

Advertisement

वजह

क्यों की गई 940 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क?

ED का आरोप है कि महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े कथित अवैध धन का इस्तेमाल एबिक्स के अधिग्रहण के लिए किया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, करीब 940 करोड़ रुपये की रकम विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के जरिए एराया लाइफस्पेस में लाई गई और इसका उपयोग एबिक्स सौदे को आगे बढ़ाने में किया गया। महादेव ऐप पर अवैध सट्टेबाजी के जरिए हजारों करोड़ रुपये कमाने का आरोप है। इसी मामले की जांच के तहत ED ने यह बड़ी कार्रवाई की है।

Advertisement