वॉशिंगटन पोस्ट में बड़ी छंटनी, शशि थरूर के बेटे समेत सैकड़ों लोगों की गई नौकरी
क्या है खबर?
अमेरिका के प्रतिष्ठित अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की है। रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजरूम से करीब 300 कर्मचारियों को निकाला गया है, जिससे स्टाफ में भारी कमी आई है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब मीडिया इंडस्ट्री आर्थिक दबाव और पाठकों की बदलती आदतों से जूझ रही है। इस छंटनी से अखबार के कई विभाग प्रभावित हुए हैं, जिससे इसकी दशकों पुरानी पत्रकारिता परंपरा को बड़ा झटका लगा है।
छंटनी
छंटनी की चपेट में ईशान थरूर
इस छंटनी में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर का नाम भी शामिल है। ईशान वॉशिंगटन पोस्ट में सीनियर इंटरनेशनल अफेयर्स कॉलमिस्ट के तौर पर काम कर रहे थे और विदेश नीति पर लिखते थे। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी नौकरी जाने की पुष्टि की है। उन्होंने लिखा कि यह उनके और उनके साथियों के लिए बेहद दुखद दिन है और वह अपने न्यूजरूम से जुड़ी यादों को हमेशा संजोकर रखेंगे।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें ईशान थरूर का पोस्ट
I have been laid off today from the @washingtonpost, along with most of the International staff and so many other wonderful colleagues. I’m heartbroken for our newsroom and especially for the peerless journalists who served the Post internationally — editors and correspondents…
— Ishaan Tharoor (@ishaantharoor) February 4, 2026
वजह
प्रबंधन का पक्ष और वजह
वॉशिंगटन पोस्ट के संपादक मैट मरे ने इस फैसले को कठिन लेकिन जरूरी बताया है। उनका कहना है कि अखबार को नई तकनीक और पाठकों के बदलते व्यवहार के अनुसार खुद को ढालना होगा। उन्होंने माना कि यह फैसला दर्दनाक है, लेकिन लंबे समय तक अखबार को टिकाए रखने के लिए जरूरी कदम है। बता दें कि वॉशिंगटन पोस्ट को 2013 में अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने खरीदा था।
प्रभाव
कई विभाग बंद, विदेशी कवरेज प्रभावित
नौकरी में कटौती के साथ-साथ अखबार ने अपने कई अहम सेक्शन भी बंद कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, स्पोर्ट्स डेस्क को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और कई विदेशी ब्यूरो भी समाप्त कर दिए गए हैं, जिससे वैश्विक कवरेज घटी है। किताबों से जुड़ी कवरेज भी रोक दी गई है। इन फैसलों से अखबार की अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग और विविध विषयों की कवरेज पर सीधा असर पड़ा है।