यूनो मिंडा करेगी हाई-वोल्टेज EV पावरट्रेन उत्पादों का निर्माण, परियोजना को दी मंजूरी
क्या है खबर?
ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी यूनो मिंडा और सुजौ इनोवांस ऑटोमोटिव की साझेदारी में बना संयुक्त उद्यम जल्द ही भारत में हाई वोल्टेज इलेक्ट्रिक वाहन (EV) पावरट्रेन उत्पादों का निर्माण शुरू करेगा। इसके लिए दोनों कंपनियों के बोर्ड ने 423 करोड़ रुपये की लागत वाली विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा यूनो मिंडा के बोर्ड ने संयुक्त उद्यम में 114 करोड़ रुपये के निवेश को भी मंजूरी दे दी है।
निवेश
यूनो मिंडा ने संयुक्त उद्यम में भी किया निवेश
यूनो मिंडा ने नियामक फाइलिंग में कहा, "4W कारों और कमर्शियल वाहन के EV पावरट्रेन उत्पादों की उच्च वोल्टेज श्रेणी के विकास और विनिर्माण के लिए DPR को मंजूरी दी गई है।" यह भी कहा है कि कंपनी के बोर्ड ने संयुक्त उद्यम की इक्विटी पूंजी में लगभग 114 करोड़ रुपये के समग्र निवेश को मंजूरी दे दी है, जो 70 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। निर्मित होने वाले कपोनेंट में संयुक्त चार्जिंग यूनिट्स, ई-एक्सल, इन्वर्टर और मोटर्स शामिल हैं।
संयुक्त उद्यम
इनोवांस ऑटोमोटिव करेगी 30 फीसदी निवेश
इस साल 17 फरवरी को यूनो मिंडा ने यूनो मिंडा ऑटो इनोवेशन, सूजौ इनोवांस ऑटोमोटिव (इनोवांस ऑटोमोटिव) और इनोवांस ऑटोमोटिव (हांगकांग) इंवेस्टमेंट के साथ एक संयुक्त उद्यम की घोषणा की थी। नियामक फाइलिंग में कहा गया है कि इनोवांस ऑटोमोटिव अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी इनोवांस ऑटोमोटिव इंवेस्टमेंट के माध्यम से यूनो मिंडा की के स्वामित्व वाली सहायक कंपनी यूनो मिंडा ऑटो इनोवेशन में 30 फीसदी इक्विटी शेयरों में निवेश करेगी, जिसके बाद इसे संयुक्त उद्यम कंपनी माना जाएगा।