शेयर बाजार: सेंसेक्स में 1,200 अंकों की गिरावट, क्या है सुस्ती की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज भी भारी गिरावट देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स 1,200 अंक तक टूट गया, जिससे निवेशकों को 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। सेंसेक्स 1,200 अंक गिरकर 72,392 पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 350 अंक टूटकर 22,470 पर आ गया। BSE पर मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी सेशन के दौरान 1 प्रतिशत से ज्यादा गिरे और बाजार में घबराहट साफ दिखी।
युद्ध
युद्ध और वैश्विक तनाव का असर
शेयर बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध है। यह संघर्ष एक महीने से ज्यादा समय से चल रहा है और इसके खत्म होने के संकेत साफ नहीं हैं। इस वजह से निवेशकों में डर बना हुआ है। साथ ही पश्चिम एशिया में हालात और बिगड़ने की आशंका है। इससे वैश्विक बाजार पर भी असर पड़ा है और निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
तेल
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल भी बाजार गिरने की बड़ी वजह है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गई है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल बाहर से खरीदता है, इसलिए कीमत बढ़ने से देश की अर्थव्यवस्था पर दबाव पड़ता है। इससे महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है और कंपनियों के मुनाफे पर असर पड़ सकता है, जिससे बाजार में कमजोरी देखने को मिल रही है।
अन्य
निवेशकों की बिकवाली और बढ़ती घबराहट
विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं, जिससे दबाव और बढ़ गया है। इसके साथ ही इंडिया VIX इंडेक्स भी 28 के पार पहुंच गया है, जो बाजार में डर और अनिश्चितता को दिखाता है। इसके अलावा फ्यूचर्स और ऑप्शंस की एक्सपायरी भी पास है, जिससे उतार-चढ़ाव बढ़ गया है। इन सभी कारणों से निवेशक सतर्क हो गए हैं और बाजार में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।