LOADING...
स्पेस-X की 12 जून तक नैस्डैक पर IPO लॉन्च की योजना- रिपोर्ट
स्पेस-X 12 जून तक IPO लॉन्च कर सकती है

स्पेस-X की 12 जून तक नैस्डैक पर IPO लॉन्च की योजना- रिपोर्ट

May 16, 2026
12:06 pm

क्या है खबर?

एलन मस्क की रॉकेट और सैटेलाइट निर्माता कंपनी स्पेस-X 12 जून को अपने शेयर सूचीबद्ध करने की योजना बना रही है। उसने अपने इस भव्य शेयर बाजार शुभारंभ के लिए नैस्डैक को ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के रूप में चुना है। पिछले कई सालों में सबसे बहुप्रतीक्षित लिस्टिंग में से एक है। इसके इस साल के व्यस्त आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) कैलेंडर में सबसे प्रमुख होने की उम्मीद है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियां एंथ्रोपिक और OpenAI भी शामिल हो सकती हैं।

योजना 

कंपनी कर रही यह तैयारी 

रॉयटर्स के अनुसार, 'SPCX' स्टॉक सिंबल (टिकर) के तहत शेयर बाजार में कारोबार करने के लिए तैयार कंपनी ने अपने IPO की समय सीमा को तेज कर दिया है। अब अगले बुधवार को अपना प्रॉस्पेक्टस सार्वजनिक करने का लक्ष्य रखा है, साथ ही 4 जून को रोड शो लॉन्च करने और 11 जून को शेयर बिक्री शुरू करने की योजना है। सूत्रों ने बताया कि पहले IPO जून के अंत में मस्क के जन्मदिन के आस-पास लाने का लक्ष्य था।

मूल्यांकन 

IPO के बाद इतना हो जाएगा मूल्यांकन

रिपोर्ट में पहले बताया था कि मस्क की यह कंपनी लगभग 1,750 अरब डॉलर (करीब 1.6 लाख अरब रुपये) के मूल्यांकन पर लगभग 75 अरब डॉलर (करीब 7,000 अरब रुपये) जुटाने का लक्ष्य रख रहा है। यह इसे अब तक का सबसे बड़ा स्टॉक मार्केट फ्लोटेशन बना देगा। 1.6 लाख अरब रुपये का लक्ष्य फरवरी में स्पेस-X और xAI के विलय के समय निर्धारित 1,250 अरब डॉलर (करीब 1.15 लाख अरब रुपये) के संयुक्त मूल्यांकन से वृद्धि दर्शाता है।

Advertisement