फिनफ्लुएंसर्स की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए SEBI कर रहा AI का इस्तेमाल
भारतीय शेयर बाजार को नियंत्रित करने वाली संस्था भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) अब सोशल मीडिया पर असर डालने वाले फिनफ्लुएंसर्स पर नजर रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर रही है।
एक रिपोर्ट बताती है कि 62 फीसदी निवेशक इन फिनफ्लुएंसर्स की बातों से प्रभावित होते हैं।
चिंता की बात यह है कि इनमें से ज्यादातर की कोई जवाबदेही नहीं होती और न ही उनके पिछले प्रदर्शन का कोई भरोसेमंद डाटा उपलब्ध होता है।
बता दें कि फिनफ्लुएंसर्स वे सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स हैं, जो यूट्यूब, इंस्टाग्राम और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर पैसे, बजट, शेयर बाजार और निवेश से जुड़ी सलाह देते हैं।
20,000 से ज्यादा भ्रामक कंटेंट चिह्नित किया
इस समस्या से निपटने के लिए SEBI ने पिछले साल नवंबर में 'प्रोजेक्ट सुदर्शन' की शुरुआत की थी। यह प्रोजेक्ट अत्याधुनिक AI का उपयोग करता है, जो सोशल मीडिया पर मौजूद पोस्ट, वीडियो और क्षेत्रीय भाषाओं के ऑडियो की भी बारीकी से जांच करता है।
इसका मुख्य उद्देश्य गलत वादे और भ्रामक सलाह की पहचान करना है। इस प्रोजेक्ट के चलते अब तक 20,000 से ज्यादा संदिग्ध कंटेंट को चिह्नित किया जा चुका है और यह निवेशकों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम है।