डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 93.94 पर पहुंचा रुपया, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के चलते भारतीय रुपये सोमवार (23 मार्च) को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। इसकी कीमत 93.94 प्रति डॉलर पर आ गई, जो शुक्रवार को बने इसके पिछले रिकॉर्ड निचले स्तर 93.73 से कम है। अमेरिका-इजरायल के साथ ईरान का युद्ध शुरू होने के बाद से रुपये में लगभग 3 फीसदी की गिरावट आई है, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में इजाफा हो रहा है।
कारण
इस कारण हो रही गिरावट
एशियाई मुद्राओं में 0.1 से 0.8 फीसदी की गिरावट आई, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के चौथे सप्ताह में प्रवेश करने के साथ ही शत्रुता समाप्त होने की उम्मीदें धूमिल हो गईं। इस संघर्ष ने इस महीने तेल की कीमतों में 50 फीसदी से अधिक की वृद्धि की है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि यह संकट 1970 के दशक के 2 तेल संकटों से कहीं अधिक गंभीर है।
संभावना
कहां तक गिर सकता है रुपया?
तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि से सबसे अधिक प्रभावित होने वाली मुद्राओं में से एक भारतीय रुपये युद्ध शुरू होने के बाद से लगभग 3 फीसदी कमजोर हो गया है। बोफा ग्लोबल रिसर्च का अनुमान है कि जून तक रुपया 94 पर कारोबार करेगा, जबकि इससे पहले उसने 89 पर रहने का अनुमान लगाया था। यह माना जा रहा था कि मौजूदा संकट कुछ हफ्तों में हल हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है।