नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर रुपया, डॉलर के मुकाबले 96.17 पर पहुंचा
क्या है खबर?
भारतीय रुपया आज (18 मई) डॉलर के मुकाबले 21 पैसे गिरकर अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। कारोबार की शुरुआत में रुपया 96.17 प्रति डॉलर पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 95.96 पर बंद हुआ था। इससे पहले शुक्रवार को रुपया पहली बार 96 रुपये प्रति डॉलर के स्तर के पार गया था। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।
दबाव
तेल की कीमतों ने बढ़ाया दबाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 111 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गई है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में एक परमाणु संयंत्र पर हमला होने और अमेरिका-ईरान शांति बातचीत कमजोर पड़ने से बाजार में तनाव बढ़ गया है। इसी वजह से तेल की कीमतों में तेजी आई है। भारत जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए महंगा तेल सीधे भारतीय अर्थव्यवस्था और रुपये पर दबाव बढ़ाता है। इससे देश का आयात खर्च भी लगातार बढ़ रहा है।
माहौल
डॉलर मजबूत होने से बिगड़ा माहौल
अमेरिका से आए मजबूत आर्थिक आंकड़ों के बाद डॉलर और मजबूत हुआ है। इसका असर भारत समेत कई उभरते बाजारों की मुद्राओं पर पड़ा है। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बैठक से भी कोई बड़ा नतीजा नहीं निकल पाया। इससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई। विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार पैसा निकालने से भी भारतीय बाजार पर दबाव बना हुआ है और रुपया कमजोर होता जा रहा है।
आशंका
100 रुपये प्रति डॉलर तक पहुंचने की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पश्चिम एशिया में तनाव कम नहीं हुआ और होर्मुज जलडमरूमध्य सामान्य तरीके से नहीं खुला, तो डॉलर के मुकाबले रुपया और कमजोर हो सकता है। अगर भारतीय रिजर्व बैंक डॉलर की आवक बढ़ाने के लिए कोई नई योजना नहीं लाता है, तो आने वाले समय में रुपया 100 रुपये प्रति डॉलर तक भी पहुंच सकता है। फिलहाल बाजार की नजर वैश्विक हालात और तेल की कीमतों पर बनी हुई है।