होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने से फिर चढ़ने लगे कच्चे तेल के दाम
दुनियाभर में कच्चे तेल की आपूर्ति का अहम समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य के दोबारा खुलने को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है, जिसकी वजह से तेल की कीमतें एक बार फिर बढ़ने लगी हैं।
ईरान का कहना है कि ओमान के साथ नए शिपिंग रास्तों पर बातचीत आगे बढ़ रही है, लेकिन अभी कुछ भी पक्का नहीं है क्योंकि अमेरिका की कुछ शर्तें अभी पूरी होना बाकी हैं।
इस कारण ब्रेंट क्रूड 1.09 फीसदी बढ़कर 84.46 डॉलर (करीब 8,000 रुपये) प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 0.78 फीसदी की बढ़त के साथ 78.79 डॉलर (करीब 7,500 रुपये) पर बना हुआ है।
हूती विद्रोहियों ने किया तेल टैंकर पर हमला
अमेरिका-ईरान युद्ध से पहले दुनिया के कुल तेल का लगभग 5वां हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता था। ऐसे में यहां किसी भी तरह की अनिश्चितता वैश्विक बाजारों में बड़ी हलचल पैदा कर देती है।
पिछले सप्ताह, जब यह अफवाह उड़ी थी कि समझौता होने वाला है तो तेल के दाम गिर गए थे, लेकिन अब ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इस मार्ग का खुलना अभी जल्द नहीं होने वाला है।
इसी बीच, हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के जाजन रिफाइनरी पर हमले की जिम्मेदारी ली है, वहीं सप्ताहांत में होर्मुज जलडमरूमध्य में अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के एक टैंकर को भी निशाना बनाया गया।