रिलायंस जियो जल्द दाखिल कर सकती है करीब 400 अरब रुपये के IPO के लिए आवेदन
क्या है खबर?
टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो इंफोकॉम जल्द ही अपने बहुप्रतीक्षित IPO की दिशा में बड़ा कदम उठा सकती है। द फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी कुछ ही दिनों में 4 अरब डॉलर (लगभग 400 अरब रुपये) के IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल कर सकती है। यह फाइलिंग रिलायंस इंडस्ट्रीज की 19 जून को होने वाली सालाना आम बैठक से पहले हो सकती है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
घोषणा
पिछले साल हुई थी लिस्टिंग की घोषणा
मुकेश अंबानी ने पिछले साल शेयरधारकों की बैठक में कहा था कि जियो का IPO 2026 के पहले छह महीनों में लाया जाएगा। हालांकि, तय समय सीमा निकल जाने के बावजूद कंपनी इस साल प्रक्रिया शुरू कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल के बीच तनाव तथा बाजार में बढ़ी अनिश्चितता के कारण इस योजना में देरी हुई। इस साल अब तक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में करीब 15 प्रतिशत की गिरावट भी दर्ज की गई है।
प्रभाव
जंग और बाजार की सुस्ती से प्रभावित हुए IPO प्लान
रिपोर्ट में कहा गया है कि जियो ही नहीं, बल्कि कई अन्य कंपनियों की लिस्टिंग योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। वॉलमार्ट समर्थित फोनपे समेत कई कंपनियों ने अपने IPO प्लान फिलहाल टाल दिए हैं। प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक भारत में IPO की कुल वैल्यू सालाना आधार पर 39 प्रतिशत घटकर 2.1 अरब डॉलर रह गई है। वैश्विक तनाव ने निवेशकों की धारणा और बाजार की तरलता दोनों को प्रभावित किया है।
IPO
अनिश्चितता घटने पर IPO बाजार में लौट सकती है तेजी
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी IPO की सफलता के लिए निवेशकों का भरोसा और सकारात्मक माहौल जरूरी होता है। कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट के एमडी नीलेश शाह के अनुसार, प्रमोटर और निवेशक अभी वैल्यूएशन को लेकर अलग-अलग उम्मीदें रख रहे हैं। अगर अमेरिका-ईरान के बीच अंतरिम समझौता होता है और होर्मुज स्ट्रेट फिर से सामान्य रूप से खुलता है, तो साल की दूसरी छमाही में IPO बाजार में फिर तेजी लौट सकती है।