रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस साल कमाया रिकॉर्ड मुनाफा, इतना रहा पूंजीगत व्यय
क्या है खबर?
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्तीय वर्ष 2026 में रिकॉर्ड मुनाफा कमाया है। कंपनी का राजस्व और टैक्स कटौती के बाद होने वाला कुल मुनाफा भी बढ़ा है। यह जानकारी कंपनी के प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को 49वीं वार्षिक आम बैठक में दी। उन्होंने बताया कि पूंजीगत व्यय 1.44 लाख करोड़ रुपये है और वैश्विक चुनौतियों के बाद भी 11.75 लाख करोड़ का समेकित राजस्व कमाया है। कंपनी का समेकित राजस्व पिछले साल की तुलना में 9.8 प्रतिशत अधिक है।
बैठक
कंपनी की मूल कमाई भी बढ़ी
मुकेश ने बताया, "वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, रिलायंस ने वित्त वर्ष 26 में रिकॉर्ड उच्च राजस्व, रिकॉर्ड उच्च कुल मुनाफा और रिकॉर्ड उच्च शुद्ध लाभ दर्ज किया।" उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी की मूल कमाई बढ़कर 2,07,911 करोड़ रुपये हो गई, जिससे कंपनी की हर 5 साल में कमाई को दोगुना करने की प्रतिबद्धता पूरी हुई। वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने 97,580 करोड़ रुपये का मूल कमाई दर्ज किया था।
खर्च
निवेश में भारत की 50 कंपनियों को पिछाड़ा
मुकेश ने बताया कि पिछले 5 वर्षों में रिलायंस का पूंजीगत व्यय कुल मिलाकर 6,48,428 करोड़ रुपये रहा। इस अवधि में रिलायंस ने पूंजीगत व्यय पर भारत की किसी भी अन्य कंपनी से अधिक खर्च किया है। उन्होंने आगे कहा, "पिछले 5 वर्षों में भारत की शीर्ष 50 कंपनियों द्वारा निवेश की गई कुल पूंजी में रिलायंस का योगदान लगभग एक तिहाई रहा।" उन्होंने कहा कि "निवेश करने के मामले में रिलायंस ने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।"
निर्यात
निर्यात और CSR खर्च में भी आगे
मुकेश ने बताया कि वित्त वर्ष 26 में रिलायंस का निर्यात 2,78,808 करोड़ रुपये रहा, जो उस वर्ष भारत के कुल व्यापारिक निर्यात का 6.7 प्रतिशत था। उन्होंने बताया कि रिलायंस राष्ट्रीय खजाने में सबसे बड़ा योगदानकर्ता बना रहा, जिसने 2,16,472 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी (CSR) के मामले में इस साल 2,248 करोड़ रुपये खर्च किया गया है, किसी कंपनी से सबसे अधिक है।