एंथ्रोपिक के बाद OpenAI ने भी गोपनीय रूप से IPO के लिए किया आवेदन
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के पास गोपनीय रूप से S-1 दस्तावेज जमा किया है। इसे कंपनी के संभावित IPO की दिशा में पहला बड़ा आधिकारिक कदम माना जा रहा है। हालांकि, OpenAI ने साफ किया है कि शेयर बाजार में लिस्टिंग की कोई तय तारीख अभी नहीं है और इसमें कुछ समय लग सकता है। कंपनी का कहना है कि वह सही समय आने पर ही सार्वजनिक होने का फैसला करेगी।
आवेदन
एंथ्रोपिक के बाद OpenAI की एंट्री
OpenAI की यह फाइलिंग ऐसे समय आई है, जब उसकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी कंपनी एंथ्रोपिक भी हाल ही में IPO के लिए गोपनीय आवेदन कर चुकी है। इससे AI सेक्टर में यह चर्चा तेज हो गई है कि कौन सी कंपनी पहले शेयर बाजार में उतरेगी। हालांकि, OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने कहा है कि कंपनी किसी दौड़ में नहीं है। उनके अनुसार, प्राथमिकता बेहतर तकनीक और मजबूत कारोबार तैयार करने की है, न कि जल्द लिस्ट होने की।
वैल्यूएशन
कंपनी की वैल्यूएशन 852 अरब डॉलर से ज्यादा
मार्च में हुए फंडिंग राउंड के बाद OpenAI की वैल्यूएशन 852 अरब डॉलर (लगभग 81,000 अरब रुपये) तक पहुंच गई थी। वहीं एंथ्रोपिक की वैल्यूएशन 965 अरब डॉलर (लगभग 91,700 अरब रुपये) बताई जा रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों कंपनियां लिस्टिंग के समय 1 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 95 लाख करोड़ रुपये) से अधिक मूल्यांकन हासिल करने की कोशिश कर सकती हैं। OpenAI अपनी IPO प्रक्रिया में कई निवेश बैंकों के साथ काम कर रही है।
खर्च
ChatGPT की सफलता, लेकिन खर्च भी भारी
ChatGPT की लोकप्रियता ने OpenAI को दुनिया की सबसे चर्चित AI कंपनियों में शामिल कर दिया है। कंपनी के अनुसार, ChatGPT के 90 करोड़ से अधिक साप्ताहिक सक्रिय यूजर्स हैं। इसके बावजूद OpenAI अभी भी AI मॉडल विकसित करने और जरूरी कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर भारी खर्च कर रही है। अब तक कंपनी 180 अरब डॉलर (लगभग 17,000 अरब रुपये) से अधिक की फंडिंग जुटा चुकी है, लेकिन विकास योजनाओं पर निवेश लगातार जारी है।
अन्य
AI के तीसरे चरण पर काम कर रही कंपनी
ऑल्टमैन ने हाल ही में कहा कि OpenAI अब अपने तीसरे चरण में प्रवेश कर रही है। उनके अनुसार, शुरुआती चरण रिसर्च का था, जबकि दूसरा चरण उत्पाद विकसित करने पर केंद्रित था। अब कंपनी का लक्ष्य उन्नत AI को अधिक सस्ता, सुरक्षित और उपयोगी बनाना है। इसी दिशा में OpenAI अपने एंटरप्राइज कारोबार और कोडेक्स जैसे AI टूल्स पर निवेश बढ़ा रही है, ताकि ज्यादा लोगों और संस्थानों तक इसकी तकनीक पहुंच सके।