ONGC को वेनेजुएला में फिर से कामकाज शुरू करने की मिली मंजूरी
हिंदुस्तान की बड़ी तेल कंपनी तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) को अमेरिका से वेनेजुएला में अपने कामकाज पूरी तरह से दोबारा शुरू करने की हरी झंडी मिल गई है।
कई सालों से लगे प्रतिबंधों के बाद ONGC को यह अनुमति मिली है। इस मंजूरी के बाद निगम को अब 50 करोड़ डॉलर (लगभग 4,160 करोड़ रुपये) से ज्यादा के वे लाभांश मिल सकते हैं, जो कई सालों से अटके हुए थे।
इतना ही नहीं कंपनी वेनेजुएला के तेल प्रोजेक्ट्स में भी और निवेश कर पाएगी। यह इसलिए भी अहम है क्योंकि वेनेजुएला के पास दुनिया के सबसे बड़े कच्चे तेल के भंडार हैं।
नए कानून से ONGC को मिले नए मौके
वेनेजुएला ने अपने तेल कानून में हाल ही में बदलाव किए हैं, ताकि विदेशी कंपनियों को बेहतर सुविधाएं देकर उन्हें लुभाया जा सके।
ONGC के लिए इससे नए मौके पैदा हुए हैं। उसके पास पहले से ही 2 बड़े तेल प्रोजेक्ट्स, सैन क्रिस्टोबाल और काराबोबो की बड़ी हिस्सेदारी है और अब कंपनी इन दोनों में उत्पादन बढ़ाने की योजना बना रही है।
कंपनी वहां की सरकारी तेल कंपनी PDVSA के साथ सैन क्रिस्टोबाल प्रोजेक्ट का काम अपने हाथ में लेने के लिए बातचीत भी कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही इस प्रोजेक्ट को फिर से पटरी पर लाया जा सकेगा।