वैश्विक स्तर पर सोने में आई गिरावट, चांदी ने बनाई बढ़त
सोमवार (10 अगस्त) को सोने की कीमतों में थोड़ी गिरावट देखने को मिली। यह 4,400 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.34 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) से 0.38 फीसदी गिरकर बंद हुआ।
दूसरी तरफ, चांदी ने थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की और 63.645 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.96 लाख रुपये प्रति किलोग्राम) पर पहुंच गई।
फिलहाल निवेशकों की नजरें अमेरिका की ब्याज दरों और दुनियाभर के मौजूदा तनावों पर टिकी हुई हैं। पिछले सप्ताह अमेरिकी नौकरियों के कमजोर आंकड़ों के बाद दोनों धातुओं में बड़ी उछाल आई थी।
उस समय सोने में 7 फीसदी और चांदी में करीब 10 फीसदी की बढ़त देखी गई थी क्योंकि इन कमजोर आंकड़ों के चलते ब्याज दरों में जल्द बढ़ोतरी की संभावना कम हो गई थी।
निवेशक को अमेरिकी महंगाई रिपोर्ट का इंतजार
इस सप्ताह सबकी निगाहें अमेरिका की आने वाली महंगाई रिपोर्ट पर रहेंगी। अगर, महंगाई उम्मीद से ज्यादा तेजी से बढ़ती है तो फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को कम करने की अपनी योजना टाल सकता है, जिससे सोने और चांदी की मांग कम हो सकती है।
दूसरी ओर, पश्चिम एशिया के बढ़ते तनाव और तेल की ऊंची कीमतों को देखते हुए सतर्क निवेशक सोने को एक सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर देख रहे हैं।