मुथूट फिनकॉर्प ला रही 4,000 करोड़ रुपये का IPO, बोर्ड ने दी मंजूरी
क्या है खबर?
गोल्ड लोन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी मुथूट फिनकॉर्प भारतीय शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है। कंपनी के बोर्ड ने 4,000 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही शेयर स्प्लिट और अन्य माध्यमों से भारी फंड जुटाने के बड़े प्लान को भी हरी झंडी दिखा दी है। प्रस्तावित IPO में 10 रुपये प्रति शेयर के अंकित मूल्य वाले नए शेयर शामिल होंगे।
NCD
NCD के माध्यम से भी राशि जुटाने को मंजूरी
प्रस्तावित IPO पूरी तरह से नए इक्विटी शेयरों पर आधारित होगा। कंपनी इस पैसे का इस्तेमाल बिजनेस को बढ़ाने के लिए करेगी, न कि पुराने निवेशक हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकलेंगे। यह IPO बाजार की स्थितियों और भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की मंजूरी के बाद दस्तक देगा। इसके अलावा, कंपनी ने 1 जुलाई, 2026 से 30 जून, 2027 की अवधि के दौरान गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (NCDs) के माध्यम से 4,000 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
शेयर स्प्लिट
छोटे निवेशकों को भी मिलेगा मौका
छोटे और खुदरा निवेशकों को लुभाने के लिए बोर्ड ने शेयरों के सब-डिविजन को भी मंजूरी दी। इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर को 2 रुपये वाले 5 इक्विटी शेयरों में बांटा जाएगा। शेयर स्प्लिट का मुख्य उद्देश्य इनकी कीमत को कम करना है, ताकि आम निवेशक आसानी से इन्हें खरीद सकें। इसके अलावा प्राइवेट प्लेसमेंट, परपेचुअल डेट इंस्ट्रूमेंट्स और सबऑर्डिनेटेड डेट के जरिए अलग से 4,000 करोड़ रुपये जुटाने को मंजूरी दी है।