LOADING...
OpenAI को अदालत से बड़ी राहत, xAI के ट्रेड सीक्रेट चोरी के आरोप खारिज
OpenAI को अदालत से बड़ी राहत

OpenAI को अदालत से बड़ी राहत, xAI के ट्रेड सीक्रेट चोरी के आरोप खारिज

Jun 16, 2026
01:55 pm

क्या है खबर?

एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी xAI को अमेरिका की एक अदालत में बड़ा झटका लगा है। एक संघीय न्यायाधीश ने फैसला सुनाते हुए OpenAI के खिलाफ दायर मुकदमा खारिज कर दिया। xAI ने आरोप लगाया था कि OpenAI उसके एक पूर्व कर्मचारी से व्यापारिक रहस्य हासिल करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, अदालत ने कहा कि इन आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त आधार पेश नहीं किए गए और मामला यहीं खत्म कर दिया गया।

आरोप

क्या था xAI का आरोप?

यह कानूनी विवाद सितंबर, 2025 में शुरू हुआ था। xAI ने दावा किया था कि OpenAI ने उसके एक पूर्व कर्मचारी को अपने पक्ष में करने और व्यापारिक गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की। इससे पहले xAI ने इसी मामले में अपने पूर्व कर्मचारी के खिलाफ भी मुकदमा दायर किया था। कंपनी का कहना था कि उसके गोपनीय डाटा और तकनीकी जानकारी के गलत इस्तेमाल की आशंका है, जिसके कारण अदालत का दरवाजा खटखटाया गया था।

जवाब

OpenAI ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

OpenAI ने अदालत में इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। कंपनी ने कहा कि उसके और xAI के पूर्व कर्मचारी के कथित गलत इस्तेमाल के बीच कोई संबंध नहीं है। इसके बाद xAI ने अपनी मूल शिकायत में बदलाव भी किया, लेकिन अदालत को इसमें भी पर्याप्त सबूत नहीं मिले। न्यायाधीश ने कहा कि xAI यह साबित नहीं कर पाया कि OpenAI और कथित गलत इस्तेमाल के बीच कोई सीधा संबंध था।

Advertisement

विवाद

मस्क और OpenAI के बीच पहले भी हुआ है विवाद

मस्क और OpenAI के बीच यह पहला कानूनी विवाद नहीं है। इससे पहले भी दोनों पक्ष कई मामलों में अदालत में आमने-सामने आ चुके हैं। इस साल की शुरुआत में भी एक मामले में मस्क ने आरोप लगाया था कि OpenAI ने अपने मूल उद्देश्यों और गैर-लाभकारी स्वरूप से जुड़ी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन किया है। हालांकि, उस मामले में भी अदालत ने मस्क के दावों को स्वीकार नहीं किया और OpenAI को राहत मिली थी।

Advertisement