लेनोवो के AI इंफ्रास्ट्रक्चर से बाजार हिस्सेदारी में हुआ इजाफा
लेनोवो ने भारत में जबरदस्त तरक्की हासिल की है। कंपनी के इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस ग्रुप (ISG) ने वित्त वर्ष 2026 में 165 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है।
नतीजतन, इसकी बाजार हिस्सेदारी 12 फीसदी से बढ़कर सीधे 16 फीसदी हो गई है। अब कंपनी केवल लैपटॉप के लिए ही नहीं, बल्कि देशभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए सर्वर तैयार करने वाली एक बड़ी शक्ति बनकर उभरी है।
कुल कमाई करीब 7,900 अरब रुपये तक पहुंची
यह उछाल भारतीय कंपनियों और सरकारी क्षेत्रों में AI आधारित समाधानों की बढ़ती मांग के कारण आई है। इसी के चलते लेनोवो ने स्थानीय विनिर्माण और अनुसंधान एवं विकास पर विशेष ध्यान दिया है, खासकर बेंगलुरु स्थित अपनी लैब में।
कंपनी का मकसद है कि उसके सर्वर भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार हों। वैश्विक स्तर पर भी ISG ने हाल के वित्तीय वर्ष में 19.2 अरब डॉलर (करीब 1,800 अरब रुपये) का कारोबार किया, जिससे लेनोवो की कुल कमाई 83.1 अरब डॉलर (करीब 7,900 अरब रुपये) तक पहुंच गई।
कंपनी के EVP और ISG के अध्यक्ष एशले गोरखपुरवाला ने इस संबंध में कहा, "भारत सिर्फ प्रतिभा ही नहीं देता, यहां हमारी फैक्ट्रियां भी हैं, जो हमारे स्थानीय बाजारों के साथ-साथ अन्य देशों की जरूरतों को भी पूरा करती हैं।"