Loading...
भारत की अर्थव्यवस्था 5 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने में होगी देरी, IMF का नया अनुमान
अर्थव्यवस्था 5 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने में होगी देरी

भारत की अर्थव्यवस्था 5 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने में होगी देरी, IMF का नया अनुमान

Oct 19, 2026
11:41 am

क्या है खबर?

भारत 2027 में जापान और ब्रिटेन को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। हालांकि, देश की अर्थव्यवस्था को 5 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 480 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंचाने का लक्ष्य अब 2028 के बजाय 2029 में पूरा होने का अनुमान है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, रुपये की कीमत में गिरावट के कारण डॉलर में भारत की अर्थव्यवस्था का आकार पहले लगाए गए अनुमान से छोटा रह सकता है।

कीमत

रुपये की गिरती कीमत से लक्ष्य में देरी

IMF ने 2028 में भारत की अर्थव्यवस्था का आकार 5.1 लाख करोड़ डॉलर से घटाकर 4.996 लाख करोड़ डॉलर रहने का अनुमान लगाया है।

इससे पहले अप्रैल में अनुमान था कि भारत 2028 तक 5 लाख करोड़ डॉलर का आंकड़ा पार कर लेगा। रुपये की कीमत गिरने से भारत की अर्थव्यवस्था को डॉलर में बदलने पर उसका मूल्य कम हो जाता है।

इसी वजह से आर्थिक विकास के बावजूद यह लक्ष्य हासिल करने में 1 साल देरी हो सकती है।

उम्मीद

2027 में जापान और ब्रिटेन से आगे निकलने की उम्मीद

IMF के अक्टूबर के अनुमानों के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था 2026 में 4.06 लाख करोड़ डॉलर की होगी।

इसके 2027 में बढ़कर 4.52 लाख करोड़ डॉलर पहुंचने की उम्मीद है। इसी दौरान ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था 4.49 लाख करोड़ डॉलर और जापान की 4.47 लाख करोड़ डॉलर रहने का अनुमान है।

अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं, तो भारत अमेरिका, चीन और जर्मनी के बाद दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।

ADVERTISEMENT

अर्थव्यवस्था

रुपये में बढ़ेगी अर्थव्यवस्था, लेकिन डॉलर में मूल्य घटा

IMF के मुताबिक, 2028 में भारत की अर्थव्यवस्था का आकार रुपये में बढ़कर 477.1 लाख करोड़ रुपये हो सकता है।

यह अप्रैल में लगाए गए अनुमान से करीब 1.1 प्रतिशत अधिक है। इसके बावजूद डॉलर में इसकी कीमत लगभग 63 अरब डॉलर कम आंकी गई है। इसकी मुख्य वजह रुपये की कीमत में गिरावट है।

IMF ने 2028 में 1 डॉलर की औसत कीमत 95.5 रुपये रहने का अनुमान लगाया है, जबकि पहले यह 93.3 रुपये थी।

ADVERTISEMENT

अनुमान

2031 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का अनुमान

IMF ने भारत की आर्थिक वृद्धि को लेकर सकारात्मक अनुमान भी जताया है।

वित्त वर्ष 2026-27 में देश की वास्तविक GDP वृद्धि दर 7 प्रतिशत रहने की उम्मीद है, जो पहले के 6.4 प्रतिशत के अनुमान से अधिक है। मजबूत घरेलू मांग को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है।

IMF के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था 2030 में 6.13 लाख करोड़ डॉलर और 2031 में 6.74 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच सकती है। तब भारत जर्मनी को पीछे छोड़ सकता है।

ADVERTISEMENT