ISRO के स्मॉल सैटेलाइट लॉन्च कॉम्प्लेक्स का संचालन निजी कंपनी को सौंपने की तैयारी
भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (IN-SPACe) ने तमिलनाडु के कुलासेकरापट्टिनम में मौजूद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के 986 करोड़ रुपये के स्मॉल सैटेलाइट लॉन्च कॉम्प्लेक्स (SLC) को निजी कंपनियों को चलाने के लिए आमंत्रित किया है। यह नया स्पेसपोर्ट लगभग 2,233 एकड़ में फैला है।
ऑपरेटर को मिलेगा ISRO का ट्रेनिंग सपोर्ट
चुनी गई कंपनी लॉन्च कॉम्प्लेक्स का प्रबंधन करेगी। इसमें लॉन्च कैंपेन ऑपरेशंस, रखरखाव, मिशन की तैयारी, ISRO और ग्राहकों के साथ तालमेल बिठाना शामिल होगा।
उन्हें काम शुरू करने में मदद करने के लिए ISRO एक साल तक या 3 लॉन्च पूरे होने तक, जो भी पहले हो, तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण देगी।
इसकी एक खासियत यह भी है कि यहां से सीधे दक्षिण दिशा में समुद्र के ऊपर लॉन्च किए जा सकते हैं। इससे ईंधन की बचत होती है और पेलोड क्षमता बढ़ जाती है।
यह कदम भारत के बढ़ते हुए अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है।