गूगल पूंजीकरण में एनवीडिया को छोड़ सकती है पीछे, रिपोर्ट में किया दावा
क्या है खबर?
अल्फाबेट की गूगल एक दशक बाद पहली बार दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बनने की दौड़ में एनवीडिया को पछाड़ने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही है। संभावना है कि कुछ ही सप्ताहों में यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप निर्माता को पीछे छोड़ देगी। बैरन की नई रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वर्ष शेयरों में 140 फीसदी से अधिक की वृद्धि के बाद इसका बाजार पूंजीकरण 4,650 अरब डॉलर (करीब 4.27 लाख अरब रुपये) के करीब पहुंच गया है।
वृद्धि
गूगल के शेयरों में हुआ इजाफा
पिछले एक साल में गूगल के शेयरों में 140 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है, जो उससे पिछले 4 सालों में हुई वृद्धि की तुलना में लगभग 4 गुना अधिक है। इससे उसका बाजार पूंजीकरण अब लगभग 4,640 अरब डॉलर (करीब 4.26 लाख अरब रुपये) हो गया। इसमें पिछले एक साल में 2,600 अरब डॉलर (करीब 2.39 लाख अरब रुपये) से अधिक और इस साल जनवरी से लगभग 900 अरब डॉलर (करीब 82,000 अरब रुपये) की वृद्धि हुई है।
शीर्ष स्थान
शीर्ष स्थान पर है एनवीडिया
वर्तमान में एनवीडिया 4,850 अरब डॉलर (करीब 4.46 लाख अरब रुपये) के बाजार पूंजीकरण के साथ दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी है। चिप निर्माता कंपनी ने पिछले साल अक्टूबर में पहली बार 5,000 अरब डॉलर (करीब 4.6 लाख अरब रुपये) का आंकड़ा पार किया। हालांकि, पिछले 6 महीनों में इसके शेयर की कीमत में कोई खास वृद्धि नहीं हुई है, जबकि इसी अवधि में गूगल के शेयरों में 36 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है।
अनुमान
रिपोर्ट में लगाया यह अनुमान
पिछले महीने एनवीडिया की औसत दैनिक वृद्धि लगभग 0.66 फीसदी रही, जबकि गूगल की 1.42 फीसदी रही। बैरन के अनुमानों के अनुसार, मई तक यही रुझान जारी रहता है तो चिप निर्माता के पूंजीकरण में गूगन से केवल 19 करोड़ डॉलर (करीब 1,750 करोड़ रुपये) की बढ़त होगी। शुक्रवार को कारोबार के अंत में गूगल के शेयर 0.04 फीसदी की मामूली गिरावट और एनवीडिया के 0.2 फीसदी बढ़त हासिल कर बंद हुए।