FTX घोटाले के दोषी सैम बैंकमैन-फ्राइड ने ट्रंप के पास भेजी माफी अर्जी
क्या है खबर?
क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज FTX के सह-संस्थापक सैम बैंकमैन-फ्राइड एक बार फिर चर्चा में हैं। ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी के मामले में 25 साल की जेल की सजा काट रहे सैम ने अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आधिकारिक तौर पर माफी मांगी है। उन्होंने अमेरिकी न्याय विभाग के जरिए आवेदन जमा किया है। यह कदम ऐसे समय आया है, जब वह सजा को चुनौती देने की कोशिश भी कर रहे हैं और अदालत के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
माफी
कैसे मांगी गई राष्ट्रपति से माफी?
सैम ने अमेरिकी न्याय विभाग के पार्डन अटॉर्नी कार्यालय के माध्यम से माफी के लिए आवेदन किया है। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति से माफी पाने में रुचि रखते हैं, लेकिन अंतिम फैसला ट्रंप को ही लेना है। हालांकि, ट्रंप पहले यह कह चुके हैं कि फिलहाल उनकी सैम को माफ करने की कोई योजना नहीं है। अब इस औपचारिक आवेदन पर आने वाले फैसले को लेकर लोगों की नजर बनी हुई है।
सजा
धोखाधड़ी मामले में मिली थी 25 साल की सजा
सैम को मार्च, 2024 में 25 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। उन पर ग्राहकों के पैसे का गलत इस्तेमाल करने और बिना अनुमति निवेश करने का आरोप साबित हुआ था। FTX के पतन से ग्राहकों, निवेशकों और कर्जदाताओं को करीब 10 अरब डॉलर (लगभग 950 अरब रुपये) का नुकसान हुआ था। हालांकि, सैम का कहना है कि उन्होंने किसी का पैसा नहीं चुराया और कई ग्राहकों को उनकी जमा राशि से अधिक रकम वापस मिल चुकी है।
पतन
FTX के पतन के बाद बदल गई तस्वीर
FTX के बंद होने से पहले सैम दुनिया के सबसे चर्चित क्रिप्टो कारोबारियों में गिने जाते थे। उन्होंने एंथ्रोपिक, सोलाना, रॉबिनहुड और स्पेस-X जैसी कंपनियों में निवेश किया था। एक समय उन्हें क्रिप्टो उद्योग का बड़ा चेहरा माना जाता था, लेकिन FTX के पतन के बाद उनकी छवि और कारोबार दोनों को बड़ा झटका लगा। अब माफी की यह मांग और चल रही कानूनी लड़ाई उनके भविष्य को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।