LOADING...
विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से निकाले 13,741 करोड़ रुपये, जानिए क्या है वजह
विदेशी निवेशकों ने पिछले सप्ताह शेयरों की बिक्री की है

विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से निकाले 13,741 करोड़ रुपये, जानिए क्या है वजह

May 16, 2026
07:14 pm

क्या है खबर?

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने शेयर बाजार में लगातार चौथे सप्ताह भी बिकवाली जारी रखी है। नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) के आंकड़ों के अनुसार, 15 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान उन्होंने 13,740 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है। सप्ताह के अंत में मामूली सुधार के बावजूद शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। इस महीने में अब तक 27,177 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जिससे 2026 में कुल बिकवाली 2.31 लाख करोड़ रुपये हो गई है।

बिकवाली 

पिछले सप्ताह ऐसा रहा बिकवाली का दौर 

सप्ताह की शुरुआत में 11 मई को सभी क्षेत्रों में FPI की ओर से 1,131 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी दर्ज की गई। हालांकि, मंगलवार को सप्ताह की सबसे तेज एक दिवसीय बिकवाली देखी गई, जिससे निकासी बढ़कर 7,545 करोड़ रुपये हो गई। बुधवार 346 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी से थोड़ी राहत मिली। इसके बाद गुरुवार को फिर से 3,579 करोड़ रुपये निकाल लिए गए। इसी के साथ 15 मई को 1,830 करोड़ रुपये की बिकवाली दर्ज हुई।

वजह 

इस कारण बिकवाली में आई तेजी 

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा, "इस वर्ष की कुल FPI बिक्री अब तक पिछले वर्ष की कुल बिक्री से अधिक है।" लगातार हो इस निकासी का कारण रुपये का तेजी से कमजोर होना, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने का माहौल है। उन्होंने कहा, "जब तक FPI बिक्री जारी रखते हैं और कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं, रुपये के और कमजोर होने की संभावना है।"

Advertisement